वडोदरा।
गुजरात के वडोदरा में कपुराई पुलिस थाना टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने जांबुवा ब्रिज के पास घेराबंदी करके एक बंद बॉडी के टाटा टेम्पो से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से एक आरोपी को दबोच लिया है, जबकि उसका एक अन्य साथी भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस ने मामले में कुल ₹7.64 लाख से अधिक का माल-मशरूका ज़ब्त किया है।
ब्रिज के नीचे बिछाया जाल, खुल गया राज
कपुराई पुलिस थाने के पुलिस इंस्पेक्टर डी.सी. राओल के मार्गदर्शन में पुलिस टीम इलाके में गश्त पर थी। इसी दौरान पुख्ता खबर मिली कि करजन की तरफ से एक टाटा टेम्पो में अवैध शराब भरकर जांबुवा ब्रिज होते हुए सावली की ओर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही सतर्क हुई पुलिस टीम ने जांबुवा ब्रिज के उतरते ही नाकाबंदी कर दी। जैसे ही संदिग्ध टेम्पो वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। जब टेम्पो के पीछे का दरवाज़ा खोला गया, तो पुलिस के होश उड़ गए। गाड़ी के भीतर कार्टन के डिब्बों में छुपाकर रखी गई भारतीय निर्मित विदेशी शराब (IMFL) की प्लास्टिक की बोतलों का भारी ज़खीरा बरामद हुआ।

जालोर का आरोपी गिरफ़्तार, दूसरा साथी फरार
पुलिस ने मौके से टेम्पो चालक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम छैलसिंह बाबूसिंह दहिया (उम्र 38 वर्ष) बताया। आरोपी वर्तमान में भरूच के पालेज स्थित भूमी कंपनी में रह रहा था, लेकिन वह मूल रूप से राजस्थान के जालोर जिले के सुराना गांव का निवासी है।
वही,ं पुलिस तफ्तीश में सामने आया कि इस काले कारोबार में उसका एक और साथी महिपालसिंह नारायणसिंह शामिल है, जो जालोर के पांचला का रहने वाला है। पुलिस ने उसे वांटेड घोषित कर दिया है और उसकी गिरफ़्तारी के लिए चक्र गतिमान कर दिए हैं।
₹7.64 लाख का मुद्दामाल ज़ब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान टेम्पो और शराब के जत्थे सहित कुल ₹7,64,200 की कीमत का मुद्दामाल अपने कब्ज़े में ले लिया है। कपुराई पुलिस ने इस संबंध में प्रोहिबिशन एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।



