धोरीमन्ना के जणियों का मगरा में चल रही थी सिंथेटिक नशे की तैयारी, 4.50 करोड़ की ड्रग्स बनने से रोकी
बाड़मेर/जयपुर। राजस्थान में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने बाड़मेर जिले में एक बड़ी सफलता हासिल की है। एडीजी दिनेश एम.एन. के निर्देशन और आईजी विकास कुमार के मार्गदर्शन में टीम ने धोरीमन्ना थाना क्षेत्र में दबिश देकर अवैध सिंथेटिक नशे (MD) की लैब को उत्पादन शुरू होने से पहले ही ध्वस्त कर दिया। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में कच्चा माल और उपकरण जब्त कर एक मुख्य आरोपी को दबोचा है।
रेड फ्लैग से पकड़ी गई ‘मौत की टापरी’
ANTF की टीम को सटीक सूचना मिली थी कि जणियों का मगरा गांव के एक खेत में बनी टापरी (छप्पर) के भीतर सिंथेटिक नशा तैयार करने की अवैध लैब स्थापित की गई है। जब टीम मौके पर पहुंची, तो चारे के छप्पर के पीछे पीले और नीले रंग के केमिकल के ड्रम छिपे मिले। घेराबंदी देख भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को टीम ने मुस्तैदी से दबोच लिया।

करोड़ों का खेल: 4 दिन में बन जाती 15 किलो एमडी
पकड़ी गई खेप और रसायनों की जांच के बाद चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं:
- उत्पादन क्षमता: जब्त माल से करीब 15 किलो एमडी ड्रग तैयार की जा सकती थी।
- बाजार कीमत: अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस ड्रग की कीमत करीब 4.50 करोड़ रुपये आंकी गई है।
- खतरनाक साजिश: यदि यह माल बाजार में पहुंचता, तो करीब 7,500 युवाओं को नशे की लत का शिकार बनाया जा सकता था।
पकड़ा गया आरोपी और उसका बैकग्राउंड
गिरफ्तार आरोपी की पहचान निम्बाराम पुत्र रिणमलराम विश्नोई (57 वर्ष), निवासी जाणियों का मगरा, गडरा, थाना धोरीमन्ना, जिला बाड़मेर के रूप में हुई है।
- लालच का जाल: केवल 5वीं पास निम्बाराम को उसके भांजे ओमप्रकाश और उसके दोस्त शैतान ने मोटा पैसा कमाने का लालच देकर इस धंधे में उतारा था।
- विडंबना: आरोपी का खुद का छोटा बेटा वर्तमान में जोधपुर के नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती है, इसके बावजूद आरोपी हजारों अन्य युवाओं को ‘जहर’ परोसने की तैयारी में था।
जब्त सामग्री का विवरण
- 146.230 किलोग्राम टालविन (04 जरीकेन में)।
- 45.880 किलोग्राम एम.एम.ए (मोनो मिथाईलामीन)।
- एमडी ड्रग तैयार करने के लिए दो मथने वाले स्टील के झेरने और अन्य उपकरण।
टीम को मिलेगा सम्मान
आईजी विकास कुमार ने बताया कि इस सफल कार्रवाई में ANTF मुख्यालय जयपुर, बाड़मेर चौकी और धोरीमन्ना थाना पुलिस की विशेष भूमिका रही। इस उत्कृष्ट कार्य के लिए पूरी टीम को ANTF मुख्यालय में विशेष कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की है कि नशे के कारोबार से जुड़ी कोई भी जानकारी हेल्पलाइन नंबर 0141-2502877 या व्हाट्सएप नंबर 9001999070 पर दें, सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।
ब्यूरो रिपोर्ट, सर्किल न्यूज नेटवर्क।



