चितलवाना/सांचौर @ सर्कल न्यूज नेटवर्क चितलवाना पुलिस ने रेलवे में सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले मामले में बडी कार्रवाई की है। पुलिस ने डेढ साल से फरार चल रहे मुख्य आरोपी को जयपुर से दबोच लिया है। आरोपी ने ‘बिना परीक्षा सीधी भर्ती’ का लालच देकर परिवादी से 16 लाख रुपए ऐंठ लिए थे।
जयपुर से दबोचा गया शातिर जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वांछित अपराधियों की धरपकड के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत चितलवाना थानाधिकारी भंवरलाल बडियासर के नेतृत्व में टीम ने यह सफलता हासिल की। पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर आरोपी राजेन्द्र कुमार मीना उर्फ बबलू उर्फ बबली (39) पुत्र घम्मनराम मीणा को गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से दौसा के हिंगोटा का रहने वाला है और वर्तमान में जयपुर के सांगानेर स्थित प्रतापनगर में फरारी काट रहा था।
मई 2023 में बिछाया था जाल मामले के अनुसार, डावल निवासी घेवरचंद मेघवाल ने 12 जून 2024 को चितलवाना थाने में रिपोर्ट दी थी। इसमें बताया गया कि आरोपी राजेन्द्र कुमार मीना और उसके साथी कानाराम ने मई 2023 में उसे रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोपियों ने दावा किया कि वे बिना परीक्षा सीधी भर्ती करवा देंगे। इसी झांसे में लेकर उन्होंने करीब 16 लाख रुपए हडप लिए। पुलिस ने धारा 420 और 406 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

रिमांड पर होगी पूछताछ पुलिस आरोपी से अब गहनता से पूछताछ कर रही है। ठगी की रकम की बरामदगी और इस रैकेट में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुताई जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी भंवरलाल बडियासर के साथ एएसआई आसुराम, कांस्टेबल लक्ष्मण सिंह, ओमप्रकाश और ओमाराम शामिल रहे।



