‘भगतसिंह के सपनों का भारत’ विषय पर होगी भाषण प्रतियोगिता, विजेताओं को मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार
चितलवाना/सांचौर। युवा पीढ़ी में देशभक्ति और क्रांतिकारी विचारों की अलख जगाने के उद्देश्य से, शहीद-ए-आज़म भगत सिंह की 118वीं जयंती इस वर्ष 28 सितंबर 2025 को चितलवाना के राजकीय महाविद्यालय में धूमधाम से मनाई जाएगी। यह आयोजन प्रगतिशील विचार मंच की ओर से किया जा रहा है।
सर्व समाज की भागीदारी की अपील
प्रगतिशील विचार मंच के अध्यक्ष और पूर्व बीईईओ राणाराम विश्नोई ने बताया कि जयंती समारोह में विद्यार्थी, नौजवान, किसान, मज़दूर, व्यापारी, कर्मचारी, अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे। उन्होंने क्षेत्र के आमजन से अपील की है कि वे इस सुनहरे अवसर पर क्रांतिकारी वीर भगत सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए कार्यक्रम में जरूर भागीदारी करें।
भाषण और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन
मंच के सचिव और खिरोड़ी के प्राचार्य पूनमाराम विश्नोई ने कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी देते हुए बताया कि युवाओं को मंच प्रदान करने के लिए इस अवसर पर विद्यार्थियों की भाषण प्रतियोगिता और शहीद-ए-आज़म भगत सिंह के फोटो (चित्र) प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया है।
भाषण प्रतियोगिता का मुख्य विषय “भगतसिंह के सपनों का भारत” रखा गया है।
आकर्षक नकद पुरस्कार
प्रतियोगिता में सफल रहने वाले प्रतिभागियों को मंच की तरफ से आकर्षक नकद पुरस्कार दिए जाएंगे:
- प्रथम स्थान: ₹1100 नकद
- द्वितीय स्थान: ₹750 नकद
- तृतीय स्थान: ₹500 नकद
नकद पुरस्कार के साथ ही विजेताओं को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
आयोजन समिति के सदस्य विरद सिंह चौहान ने बताया कि प्रतियोगिता में क्षेत्र के कई विद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थी भाग लेंगे। उन्होंने इच्छुक विद्यार्थियों से अपील की है कि वे 28 सितंबर 2025 (रविवार) को प्रातः 11 बजे आयोजन स्थल पर पहुँचकर अपनी प्रविष्टियाँ दें।
सर्कल न्यूज़ नेटवर्क



