राजस्थानी ड्राइवर समेत एक गिरफ्तार, ट्रक में छुपा रखी थी 3744 बोतल शराब
बनासकांठा (पालनपुर)।
भाभर तालुका के असाणा गांव की सीम से बनासकांठा एलसीबी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों के मुनाफे वाली विदेशी शराब का जखीरा बरामद किया। पुलिस ने राजस्थान पासिंग ट्रक (नंबर RJ-04-GA-5787) को रोककर तलाशी ली, जिसमें मक्के की भूसी के ढेर के बीच छुपाकर शराब और बीयर की पेटियां भरी गई थीं।

पुलिस ने कुल 264 पेटी और 48 खुली बोतलें मिलाकर कुल 3744 बोतल/टिन जब्त की। जब्त शराब की बाजार कीमत करीब 24.01 लाख रुपये आंकी गई है, जबकि ट्रक समेत कुल 42.11 लाख रुपये का माल पुलिस ने कब्जे में लिया।
इस कार्रवाई में राजस्थान के बाड़मेर जिले के वगताराम जगमालराम जाट को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह खेप गुजरात में खपाने की तैयारी थी।
जिला पुलिस अधीक्षक अक्षयराज के मार्गदर्शन में एलसीबी के पुलिस इंस्पेक्टर ए.वी. देसाई और उनकी टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यह सफलता अर्जित की। पुलिस ने शराब भरवाने और गुजरात में मंगवाने वाले अन्य आरोपियों के खिलाफ भी भाभर पुलिस थाने में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि यह नेटवर्क अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय है और आगे और भी गिरफ्तारी संभव हैं। तस्करों के तार सांचोर से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।



