मीठीबेरी परावा से अपहरण के मामले में वांछित आरोपी दबोचा
चितलवाना।
जालोर जिले में अवैध मादक पदार्थ तस्करी और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन धरकरभर” के तहत चितलवाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अपहरण के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 2000 रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक जालोर के निर्देशन में गठित टीम ने मीठीबेरी परावा गांव में दबिश देकर दुर्गाराम विश्नोई (23) को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना जसोल, बालोतरा में अपहरण, मारपीट, बंधक बनाना और फिरौती मांगने सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज था।
टीम की सतर्कता से मिली सफलता
इस कार्रवाई में सउनि मोहनराम, कांस्टेबल उत्तमसिंह और लक्ष्मणसिंह की विशेष भूमिका रही। टीम ने संदिग्ध स्थानों और वाहनों की सघन तलाशी के बाद आरोपी को पकड़ा।
आगे की कार्रवाई
गिरफ्तार आरोपी को आगे की जांच के लिए जसोल पुलिस के सुपुर्द किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने टीम को सराहना करते हुए कहा कि ऑपरेशन धरकरभर के तहत अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



