– सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और गश्त बढ़ाने की मांग को लेकर थानाधिकारी व उपजिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
– सुनवाई न होने पर उग्र प्रदर्शन और धरने की चेतावनी
रानीवाड़ा:
स्थानीय क्षेत्र की मामा कॉलोनी (बड़गांव) में इन दिनों चोरों के हौसले पूरी तरह बुलंद नजर आ रहे हैं। कॉलोनी में लगातार हो रही चोरी की वारदातों के चलते रहवासियों में भारी रोष और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। चोरों के लगातार बढ़ते आतंक से लोगों का जीना मुहाल हो गया है और घरों तथा परिवारों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता बनी हुई है।

अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन
इस गंभीर समस्या से त्रस्त होकर मामा कॉलोनी के समस्त रहवासियों ने उपजिलाधिकारी और थानाधिकारी, रानीवाड़ा को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन के माध्यम से कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि चोरी की इन घटनाओं की निष्पक्ष और गंभीरता से जांच की जाए, चोरों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई हो, तथा क्षेत्र में रात्रि गश्त को तुरंत बढ़ाया जाए।
24 घंटे का अल्टीमेटम, आंदोलन की चेतावनी
कॉलोनीवासियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि वे कानून और व्यवस्था में पूरा विश्वास रखते हैं और चाहते हैं कि समस्या का समाधान शांतिपूर्ण तरीके से हो। हालांकि, साथ ही यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि आगामी 24 घंटे के भीतर पुलिस प्रशासन द्वारा कोई ठोस और संतोषजनक कार्रवाई नहीं की जाती है, तो समस्त कॉलोनीवासी अपनी मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।
इस दौरान ज्ञापन पर जगदीश कुमार, टिकू सिंह, किशन कुमार, दिनेश कुमार, किशोर कुमार, कल्पेश कुमार, इम्तियाज और उत्तमाराम सहित कई कॉलोनीवासी मौजूद रहे।



