गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री व विमान हादसे के दिवंगतों को श्रद्धांजलि, मोदी सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियों पर चर्चा
बड़गांव। भारतीय जनता पार्टी मंडल बड़गांव द्वारा जैतपुरा गंगेश्वर महादेव मंदिर के सभा भवन में 'संकल्प से सिद्धि तक' कार्यक्रम के तहत मंडल कार्यशाला का आयोजन मंडल अध्यक्ष बलवंतसिंह राजपुरोहित की अध्यक्षता में और मुख्य वक्ता मुकेश कुमार खंडेलवाल की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि
कार्यशाला की शुरुआत में गुजरात में हाल ही में हुई विमान दुर्घटना में दिवंगत आत्माओं तथा गुजरात के लोकप्रिय पूर्व मुख्यमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थितजनों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को याद किया।
मोदी सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा
मुख्य वक्ता मुकेश कुमार खंडेलवाल ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र में मोदी सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों ने विकसित भारत की छवि को दुनिया भर में स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि योजना के तहत बिना किसी भेदभाव के किसानों के खातों में आर्थिक सहायता पहुंचाई जा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, राम मंदिर निर्माण, देशभर में सड़क निर्माण, आयुष्मान भारत, जनधन योजना सहित अनेक जनहितकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाया गया है।
खंडेलवाल ने कहा कि मोदी सरकार ने देश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाते हुए आमजन का विश्वास जीता है, जिसका परिणाम है कि केंद्र में लगातार तीसरी बार सरकार बनी है।
क्षेत्रीय विकास और आत्मनिर्भरता पर जोर
मंडल अध्यक्ष बलवंतसिंह राजपुरोहित ने कहा कि हर घर जल योजना, सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सब्सिडी, लघु उद्योगों के लिए प्रोत्साहन जैसी योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्र के लोग आत्मनिर्भर बन रहे हैं। सरकारी योजनाओं से हजारों बेरोजगारों को रोजगार मिला है।
सेना और सुरक्षा को लेकर सराहना
रानीवाड़ा मंडल अध्यक्ष एडवोकेट रमेश आंजना ने कहा कि मोदी सरकार ने सेना को सशक्त बनाने के साथ-साथ स्वदेशी हथियारों का निर्माण कर देश की सुरक्षा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। भारत की विदेश नीति और आर्थिक मजबूती का भी विस्तार से उल्लेख किया गया।
संत शंकरानंद महाराज का संबोधन
संत शंकरानंद महाराज ने कहा कि देश मोदी सरकार के नेतृत्व में सुरक्षित महसूस कर रहा है और हमें सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने में भागीदारी निभानी चाहिए।
अन्य वक्ताओं का योगदान
कार्यशाला में पूर्व मंडल अध्यक्ष बाबूलाल जैतपुरा, मैदाराम पुरोहित, पूर्व सरपंच कांतिलाल पुरोहित ने भी मोदी सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर संयोजक गणपतलाल थावरेचा, सह संयोजक छैलसिंह दहिया, पूर्व सरपंच मफतलाल डूंगरी, लवजीराम पुरोहित, पूनमाराम मेघवाल रुपावटी, माधुसिंह देवड़ा, वर्षा जोशी सहित अनेक मंडल पदाधिकारी उपस्थित रहे।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां