वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की मंशा के अनुरूप प्रदेश नेतृत्व ने लगाई मुहर, कार्यकर्ताओं में दौड़ी खुशी की लहर
Circle News Network भीनमाल/जालोर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति गंभीरता दिखाते हुए जालोर जिले में नई नियुक्ति की घोषणा की है। प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देशानुसार और प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सुशील पारीक ने युवा नेता पुखराज विश्नोई को जालोर जिला पर्यावरण संरक्षण प्रकोष्ठ का प्रथम जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है।
जमीनी पकड़ और अनुभव को मिला इनाम पुखराज विश्नोई की नियुक्ति को संगठन में उनके पुराने अनुभव और सक्रियता का इनाम माना जा रहा है। विश्नोई इससे पूर्व कांग्रेस सेवादल के जिलाध्यक्ष के रूप में अपनी सांगठनिक क्षमता का लोहा मनवा चुके हैं। इसके अलावा, वे भीनमाल नगरपालिका मंडल और जिला आयोजन समिति (जालोर) के निर्वाचित सदस्य रहकर जनसेवा के कार्यों में सक्रिय रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उनकी नियुक्ति से पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी।
वरिष्ठ नेताओं की सहमति से हुआ निर्णय पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह नियुक्ति जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, पूर्व विधायकों, सांसद व विधानसभा प्रत्याशियों की अनुशंसा और आम कार्यकर्ताओं की भावनाओं को ध्यान में रखकर की गई है। विश्नोई को पर्यावरण विंग की कमान सौंपकर पार्टी ने युवाओं को आगे लाने का संदेश दिया है।
क्या बोले नवनियुक्त जिलाध्यक्ष? नियुक्ति के बाद पुखराज विश्नोई ने शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा, “पार्टी ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, मैं उस पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा। वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में पर्यावरण संरक्षण को एक जन-आंदोलन का रूप दिया जाएगा।”
इस घोषणा के बाद भीनमाल और जालोर के कांग्रेसी खेमे में उत्साह का माहौल है और सोशल मीडिया से लेकर व्यक्तिगत रूप से बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।



