जयपुर। राजस्थान सरकार ने आगामी स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त, 2025) के अवसर पर प्रदेश के विभिन्न मुख्यालयों पर ध्वजारोहण के लिए मंत्रियों और उप मुख्यमंत्रियों को अधिकृत किया है। सामान्य प्रशासन (ग्रुप-2) विभाग द्वारा जारी एक आदेश के अनुसार, कुल 23 जिलों में उप मुख्यमंत्रीगण, मंत्रीगण और राज्य मंत्रीगण तिरंगा फहराएंगे।
इस आदेश के अनुसार, उप मुख्यमंत्री सुश्री दिया कुमारी कोटपूतली-बहरोड़ में, जबकि दूसरे उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा जयपुर में ध्वजारोहण करेंगे। कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा को सवाई माधोपुर, गजेंद्र सिंह को फलौदी और कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ को ब्यावर का जिम्मा सौंपा गया है। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर दौसा में और कन्हैयालाल कोटा में तिरंगा फहराएंगे।
इसके अलावा, अविनाश गहलोत टोंक में, सुरेश सिंह रावत अजमेर में, सुमित गोदारा बीकानेर में, जोराराम कुमावत पाली में, बाबूलाल खराड़ी उदयपुर में, और हेमंत मीणा प्रतापगढ़ में ध्वजारोहण करेंगे। राज्य मंत्री संजय शर्मा अलवर में, गौतम कुमार चित्तौड़गढ़ में, झाबर सिंह खर्रा सीकर में, हीरालाल नागर भरतपुर में, ओटाराम देवासी सिरोही में, डॉ. मंजू बाघमार नागौर में, विजय सिंह डीडवाना-कुचामन में, कृष्ण कुमार विश्नोई बाड़मेर में, जवाहर सिंह बेदम डीग में और जोगेश्वर गर्ग जालौर में तिरंगा फहराएंगे।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इन 23 जिलों के अलावा, शेष सभी जिला मुख्यालयों पर जिला कलेक्टर ध्वजारोहण करेंगे। यह आदेश सक्षम स्तर से अनुमोदित हो चुका है, जिसके बाद सभी जिला प्रशासन को इसकी सूचना भेज दी गई है।



