चुनावी भाषण में 'जहरीला सांप' वाले बयान पर जालोर एसपी को सौंपी शिकायत, FIR दर्ज करने की मांग
सर्कल न्यूज़ नेटवर्क, जालोर। देश की राजनीति में उस वक्त उबाल आ गया जब कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के एक कथित बयान को लेकर जालोर के वयोवृद्ध एडवोकेट ने कानूनी कार्रवाई का बिगुल फूंक दिया। जालोर निवासी 83 वर्षीय हरिशंकर राजपुरोहित ने इस उम्र में भी अपनी सक्रियता और देश के प्रति सजगता दिखाते हुए पुलिस अधीक्षक को एक लिखित आवेदन देकर खड़गे के विरुद्ध आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की है।
वकील साहब की सक्रियता: 83 वर्ष की उम्र, पर हौसला चट्टान सा
प्रार्थी हरिशंकर एडवोकेट ने अपने आवेदन में स्पष्ट किया है कि वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय राजनीति और वकालत के पेशे से दूर हैं ताकि युवाओं को मौका मिल सके। लेकिन जब उन्होंने सोशल मीडिया और टीवी पर खड़गे के चुनावी भाषण को सुना, तो एक जिम्मेदार नागरिक के नाते चुप रहना उन्हें उचित नहीं लगा। उन्होंने कहा कि जब राष्ट्र और समाज पर संकट नजर आए, तो हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह अपना योगदान दे। इसी भावना के साथ उन्होंने पुलिस अधीक्षक जालोर के समक्ष न्याय की गुहार लगाई है।
क्या है पूरा मामला?
शिकायत के अनुसार, खड़गे ने 6 अप्रैल 2026 को असम के करीमगंज (निलम बाजार) में एक चुनावी सभा को संबोधित किया था। आरोप है कि उन्होंने आरएसएस और बीजेपी समर्थकों की तुलना 'जहरीले सांप' से करते हुए उन्हें मारने के लिए उकसाया। राजपुरोहित का दावा है कि खड़गे ने धार्मिक समुदायों, विशेषकर हिंदू सनातनी और मुस्लिम समाज के बीच विद्वेष फैलाने और देशद्रोह की मंशा से ऐसा संबोधन किया।
सुरक्षा को बताया खतरा
एडवोकेट राजपुरोहित, जो स्वयं पूर्व जिलाध्यक्ष और बीजेपी की प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य रह चुके हैं, ने बताया कि इस भाषण के बाद उन्हें और उनके परिवार को अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है। उन्होंने आवेदन में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं (147, 196, 175, 125, 351 आदि) के तहत कड़ी जांच और दंड की मांग की है।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां