NTA को भंग करने और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठी मांग, जिलाध्यक्ष रमिला मेघवाल के नेतृत्व में हुआ प्रदर्शन
जालौर। नीट परीक्षा-2026 में हुए पेपर लीक मामले को लेकर देशव्यापी आक्रोश के बीच आज जालौर जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। बुधवार सुबह 11:30 बजे कलेक्ट्रेट के समक्ष भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकत्रित होकर जोरदार नारेबाजी की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया।
छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: जिलाध्यक्ष विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही जिलाध्यक्ष रमिला मेघवाल ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश के 22 लाख छात्रों ने दो साल तक खून-पसीना एक कर इस परीक्षा की तैयारी की थी। उन्होंने कहा, "लगातार तीसरी बार नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा का पेपर लीक होना बेहद गंभीर है। कई गरीब परिवारों ने आभूषण बेचकर और कर्ज लेकर बच्चों को कोचिंग करवाई, लेकिन केंद्र की लापरवाही ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया।"

संदेह के घेरे में NTA की भूमिका कांग्रेस ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इसे तुरंत भंग करने की मांग की। जिला प्रवक्ता योगेंद्र सिंह कुम्पावत ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान मांग की गई कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें। कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र सरकार एजेंसी की कमियों को सुधारने के बजाय उसे संरक्षण दे रही है।
दिग्गज नेताओं की रही मौजूदगी प्रदर्शन के दौरान पूर्व मंत्री सुखराम विश्नोई, पूर्व जिलाध्यक्ष भंवरलाल मेघवाल, नैन सिंह राजपुरोहित, सवाराम पटेल, वीरेंद्र जोशी और भोमाराम मेघवाल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के सामने भाजपा सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
ये रहे उपस्थित: इस दौरान सवाई सिंह चंपावत, मुमताज अली, नागेश जैन, संतोष कंवर, सुष्मिता गर्ग, खसाराम मेघवाल, पदमाराम सरगरा, आम सिंह परिहार, बसंत सुथार, रमेश सोलंकी, कामिनी शर्मा, गीता श्री मेघवाल, सुरेश मेघवाल, शीला चौधरी, देवाराम सांखला, मिश्रीमल गहलोत, अनिल पंडित सहित सैंकड़ों कांग्रेसजन उपस्थित थे।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां