निर्माणाधीन भैरव कृषि उपज मंडी में महंत लहरभारती के सानिध्य में रोपे पौधे, डीएसपी व तहसीलदार सहित जुटे किसान-व्यापारी
सर्कल न्यूज नेटवर्क रानीवाड़ा (जालोर)। पर्यावरण संरक्षण और मंडी परिसर को हरा-भरा बनाने के संकल्प के साथ बड़गांव कस्बे की निर्माणाधीन श्री भैरव कृषि मंडी में वृहद स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया गया। महंत लहरभारती महाराज के पावन सानिध्य में आयोजित इस पुनीत कार्य में प्रशासनिक अधिकारियों, व्यापारियों और क्षेत्रीय किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए एक ही दिन में 300 से अधिक फलदार व छायादार पौधे रोपे।
समारोह में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित पुलिस उप अधीक्षक सुखराम बिश्नोई ने कहा कि वृक्षारोपण केवल रस्म अदायगी न रहकर जीवनशैली का हिस्सा बनना चाहिए। उन्होंने कहा, "पौधा लगाना जितना सरल है, उसकी वृक्ष बनने तक सार-संभाल करना उतना ही जरूरी है। शुद्ध पर्यावरण ही हमारी भावी पीढ़ी की सच्ची पूंजी है।"
तहसीलदार बाबूसिंह राजपुरोहित ने मंडी प्रबंधन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि एक आदर्श मंडी वही है जहां व्यापारिक गतिविधियों के साथ-साथ स्वच्छ और शीतल वातावरण भी मिले। जब किसान तपती धूप में अपनी उपज लेकर पहुंचेगा, तो परिसर की हरियाली उसे सुखद सुकून देगी।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी मंडी: परमार कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कृषि मंडी चेयरमैन मफत सिंह परमार ने मंडी निर्माण की प्रगति का ब्योरा रखा। उन्होंने बताया कि किसानों और व्यापारियों की सुविधा के लिए शेड, पेयजल, कवर्ड यार्ड और विश्राम गृह जैसी बुनियादी सुविधाओं का काम तेजी से चल रहा है। परिसर को पर्यावरण के अनुकूल स्वरूप देने के लिए पूरे क्षेत्र को ग्रीन बेल्ट के रूप में विकसित किया जा रहा है। पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री-गार्ड और नियमित जलापूर्ति की पुख्ता व्यवस्था की गई है।
संरक्षण का लिया सामूहिक संकल्प समारोह के अंत में उपस्थित सभी किसानों, व्यापारियों व ग्रामीणों ने रोपे गए पौधों को गोद लेकर उनके संरक्षण और नियमित देखभाल की शपथ ली। इस अवसर पर बड़ी संख्या में आसपास के गांवों के किसान, स्थानीय व्यापारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां