आज दिनांक 06 मई 2025 को जिला कलेक्टर प्रदीप के. गवांडे (आईएएस) की अध्यक्षता में जिला स्तरीय नार्को कोर्डिनेशन (NCORD) की मासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोटाराम गोदारा, उपखंड मजिस्ट्रेट मनोज सहित कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारी शामिल थे।
बैठक में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री, परिवहन और भंडारण पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। आगामी शादी-विवाह और धार्मिक आयोजनों को देखते हुए नशीले पदार्थों के संभावित प्रसार को रोकने के लिए विशेष निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया गया। बैठक में यह भी तय किया गया कि आमजन और छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
इसके अलावा, नशीली प्रवृत्ति के लोगों को नशा मुक्ति केंद्रों की ओर प्रोत्साहित करने के लिए अधिकाधिक प्रचार किया जाएगा। प्रशासन ने अवैध मादक पदार्थों के अपराधियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई करने की रूपरेखा तैयार की और आगामी लक्ष्यों को निर्धारित किया।
बैठक में उपस्थित अधिकारी जिला कलेक्टर प्रदीप के. गवांडे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोटाराम गोदारा, उपखंड मजिस्ट्रेट मनोज, संयुक्त निदेशक कृषि भरत भाई चौधरी, वाणिज्यिक कर अधिकारी सुरेश कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) मोहनलाल परिहार, जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक) मुनेश कुमार मीना, औषधि नियंत्रण अधिकारी पुष्पा सोलंकी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग भगवानाराम चौधरी प्रभारी, सी.आई.डी. जोन महावीर भंवरिया, वी.वी. राजकीय चिकित्सालय चन्दनप्रकाश, नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, जोधपुर नरेन्द्र मौजूद रहे।
बैठक के अंत में, माह अप्रैल 2025 में की गई कार्रवाई की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नशे की रोकथाम के लिए सभी विभागों के समन्वय से ठोस कदम उठाए जाएंगे।
यह पहल जिले में नशा मुक्त समाज की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है। प्रशासन की ओर से इस अभियान को प्रभावी तरीके से लागू करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई है।



