‘ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे कैंपेन’ के तहत राजाराम बालिका शिक्षण संस्थान में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित
रानीवाड़ा। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जालोर के निर्देशानुसार तालुका विधिक सेवा समिति रानीवाड़ा की ओर से स्थानीय राजाराम बालिका शिक्षण संस्थान उच्च माध्यमिक विद्यालय में एक दिवसीय विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट साक्षी शर्मा की प्रेरणा और मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों और उससे जुड़े कानूनों के प्रति सचेत करना रहा।
शिविर को संबोधित करते हुए सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट साक्षी शर्मा ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी जिज्ञासा, गलत संगत, साथियों के दबाव, मानसिक तनाव और सोशल मीडिया के घातक प्रभाव में आकर नशे की लत का शिकार हो रही है। अक्सर ‘एक बार आजमाने में क्या हर्ज है’ की मानसिकता बच्चों को इस गर्त में धकेल देती है। उन्होंने विद्यार्थियों को एनडीपीएस एक्ट 1985 (NDPS Act) के कड़े प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिबंधित नशीले पदार्थों के क्रय, विक्रय, सप्लाई या सेवन करने पर कानून में कठोर दंड का प्रावधान है।
न्यायाधीश महोदया ने नशीले पदार्थों और शराब के सेवन से स्वास्थ्य पर पड़ने वाले जानलेवा प्रभावों को रेखांकित करते हुए कहा कि इससे हृदय, लीवर, किडनी और फेफड़ों को भारी क्षति पहुँचती है। कम उम्र में नशा करने से युवाओं की स्मरण शक्ति कमजोर होती है, हृदयघात की संभावना बढ़ती है और कई बार असमय मृत्यु तक हो जाती है। नशा न केवल आर्थिक और मानसिक रूप से व्यक्ति को बर्बाद करता है, बल्कि पूरे परिवार को डिप्रेशन और दिवालियापन की ओर धकेल देता है।
उन्होंने छात्राओं को सीख दी कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा दी गई खाने-पीने की चीज को स्वीकार न करें। यदि कोई उन्हें नशे के लिए प्रेरित करे, तो तुरंत अपने माता-पिता और गुरुजनों को सूचित करें। इस दौरान उन्होंने निशुल्क कानूनी सहायता के लिए रालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 और 9928900900 की भी जानकारी दी।
इस अवसर पर न्यायालय के कार्मिक रामाराम सोनल, योगेश जांगिड़, राजाराम बालिका शिक्षण संस्थान के अध्यक्ष वीराराम चौधरी (सेवानिवृत्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक), प्रधानाचार्य नारायण चौधरी, व्यवस्थापक मताराम चौधरी सहित समस्त विद्यालय स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।



