सर्किल न्यूज नेटवर्क जसवंतपुरा/रानीवाड़ा। आस्था के केंद्र प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री सुन्धा माता जी के दर्शन करने पहुंचे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने श्रृद्धालुओं को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री ने राजपुरा से सुन्धा माता मंदिर तक सड़क के दोनों ओर 160 लाख रुपये की लागत से आधुनिक पाथ-वे (पैदल पथ) निर्माण की वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी है। अब माँ के दरबार में हाजिरी लगाने आने वाले पदयात्रियों और श्रृद्धालुओं का सफर सुगम और सुरक्षित होगा।

सड़क पर लिया जायजा, मौके पर ही दी मंजूरी
मुख्यमंत्री बीते बुधवार को रानीवाड़ा क्षेत्र के पंसेरी गांव में आयोजित ‘ग्राम विकास चौपाल’ में सम्मिलित होने आए थे। अगले दिन सुबह शक्तिपीठ सुन्धा माता जी के दर्शन के लिए जाते समय उन्होंने मार्ग की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान पूर्व विधायक नारायण सिंह देवल ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि पैदल आने वाले श्रृद्धालुओं को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
जनभावनाओं को समझते हुए मुख्यमंत्री ने तुरंत सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को तलब किया और पाथ-वे के खर्च का ब्यौरा लेकर मौके पर ही 1.60 करोड़ रुपये की मंजूरी दे दी।


पंसेरी में बिताया सादगी भरा समय: बच्चों संग मिले, चौहट्टे पर पी चाय
पाथ-वे की सौगात देने से पूर्व मुख्यमंत्री ने पंसेरी गांव में अपनी सादगी से ग्रामीणों का दिल जीत लिया:
- मॉर्निंग वॉक और संवाद: सुबह मुख्यमंत्री गांव की गलियों में घूमने निकले और ग्रामीणों से सीधा संवाद किया।
- चाय पर चर्चा: आम चौहट्टे पर बैठकर ग्रामीणों के साथ चाय की चुस्कियां लीं और स्थानीय महिलाओं से उनकी समस्याओं पर बात की।
- स्कूल में बचपन से मुलाकात: मुख्यमंत्री स्थानीय स्कूल भी पहुंचे, जहाँ उन्होंने बच्चों से मिलकर उनकी पढ़ाई और भविष्य के सपनों के बारे में चर्चा की।

“मुख्यमंत्री जी द्वारा पाथ-वे की स्वीकृति देना क्षेत्र के विकास और श्रृद्धालुओं की सुरक्षा के प्रति उनकी संवेदनशीलता को दर्शाता है। इसके लिए संपूर्ण क्षेत्र की जनता और श्रृद्धालु उनके आभारी हैं।” — नारायण सिंह देवल, पूर्व विधायक




