रानीवाड़ा के मैत्रीवाडा गांव की घटना; देवर और ससुर पर लाठी-डंडों से हमले का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
जालौर जिले के रानीवाड़ा थाना क्षेत्र के मैत्रीवाडा गांव में पारिवारिक विवाद के चलते एक महिला के साथ सरेआम मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता कालीदेवी (40) पत्नी वगताराम ने पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसके अपने ही परिजन उसकी बेटी भावना की शादी तुड़वाने के लिए लगातार मानसिक और शारीरिक दबाव बना रहे थे। जब महिला ने इस अनुचित मांग का विरोध किया, तो विवाद इतना बढ़ गया कि बात मारपीट तक जा पहुंची।
पीड़िता का आरोप है कि 22 अप्रैल की सुबह करीब 9:30 बजे उसके देवर रमेश कुमार और ससुर सोमाराम कलबी ने घर में घुसकर उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से महिला को बेरहमी से पीटा, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं। शोर-शराबा सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर महिला को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया।
हैरानी की बात यह है कि हमलावरों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने घर के आंगन में सरेआम इस वारदात को अंजाम दिया। यह पूरी घटना घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसकी फुटेज अब सोशल मीडिया पर भी सामने आई है। घटना के चार दिन बाद 26 अप्रैल को पीड़िता ने रानीवाड़ा थाने में लिखित रिपोर्ट दी, जिसके आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि फुटेज के आधार पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।
सर्कल न्यूज़ नेटवर्क के लिए रानीवाड़ा से रिपोर्ट।



