रानीवाडा | सर्कल न्यूज नेटवर्क नगर के श्री राजाराम बालिका शिक्षण संस्थान में वार्षिकोत्सव समारोह ‘नारी शक्ति वंदन-3’ कल शाम भव्यता के साथ आयोजित किया गया। समारोह में नारी शक्ति के उत्थान और समाज में समानता के भाव को लेकर वक्ताओं ने कडक अंदाज में विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की नन्हीं बालिकाओं ने राजस्थानी संस्कृति और देशभक्ति से ओत-प्रोत ऐसी प्रस्तुतियां दीं कि पूरा परिसर तालियों की गडगडाहट से गूंज उठा।
शिक्षा ही सफलता का एकमात्र अस्त्र: डॉ. गणपत सिंह मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित मोटिवेशनल स्पीकर एवं शिक्षाविद डॉ. गणपत सिंह बाडमेर ने छात्राओं में जोश भरते हुए कहा कि, “बेटियां अब केवल घर की चौखट तक सीमित नहीं हैं, वे आसमान नापने का माद्दा रखती हैं। शिक्षा वो अस्त्र है जिससे आप अपनी किस्मत खुद लिख सकती हैं।” उन्होंने छात्राओं को विपरीत परिस्थितियों में भी अडिग रहकर आगे बढने के लिए प्रेरित किया।

नारी सशक्तिकरण से ही देश का विकास: देवजी पटेल कार्यक्रम में मुख्य अतिथि (चीफ गेस्ट) के रूप में मौजूद पूर्व सांसद देवजी एम पटेल ने मंच से हुंकार भरते हुए कहा कि समाज की असली प्रगति तभी संभव है जब नारी सशक्त और शिक्षित हो। उन्होंने राजाराम संस्थान के प्रयासों को महिला शिक्षा की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम बताया। वहीं भाजपा नेता मंजीराम चौधरी ने भी विचार व्यक्त करते हुए संस्थान के अनुशासन और शैक्षणिक स्तर की सराहना की।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन गणेश वंदना के साथ शुरू हुए इस सांस्कृतिक महाकुंभ में बालिकाओं ने ‘केसरिया बालम’, ‘तेजाजी की पहचान’ और ‘नारी शक्ति’ जैसे नाटकों के जरिए राजस्थानी लोक संस्कृति की जीवंत झांकी पेश की। कार्यक्रम में सूरजकुंड मठ के महंत लहर भारती महाराज एवं सेवाडिया मठ के महंत रतन भारती महाराज का सानिध्य प्राप्त हुआ।

इस अवसर पर पूर्व शिक्षा अधिकारी भेराराम चौधरी, संस्थान अध्यक्ष वीराराम चौधरी (RTD ADSP), कांग्रेस नेता विजयलक्ष्मी, मंजीराम चौधरी और प्रसिद्ध स्केटर सिमरन पटेल सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह के अंत में प्रतिभावान छात्राओं और भामाशाहों को साफा, माला और तलवार भेंट कर सम्मानित किया गया।




