दानपात्रों से नकदी और घरों से जेवरात पार; ग्रामीणों में भारी आक्रोश, पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग
हाडेचा (सांचौर)। कस्बे के समीपवर्ती काछेला ग्राम पंचायत के बगछडी गांव में शुक्रवार रात अज्ञात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। चोरों ने एक ही रात में योजनाबद्ध तरीके से चार प्रमुख मंदिरों और चार रिहायशी घरों को निशाना बनाते हुए लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सुबह जब ग्रामीण मंदिरों में दर्शन के लिए पहुंचे, तब इस बड़ी वारदात का खुलासा हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मंदिरों में मची लूट: दानपात्रों को बनाया निशाना
चोरों ने सबसे पहले केहर माता मंदिर को निशाना बनाया, जहां से करीब 2 किलो चांदी, 5 तोला सोना और दानपेटी से 1.5 लाख रुपए चोरी कर लिए। इसके बाद सेंधोई माता मंदिर से 1.5 किलो चांदी और दानपेटी से करीब 2 लाख रुपए पर हाथ साफ किया। चोरों ने चामुंडा माता मंदिर बगछडी और चामुंडा माता मंदिर काछेला के दानपात्र भी तोडे, जहां से क्रमशः 50 हजार और 35 हजार रुपए की नकदी चोरी होने की जानकारी सामने आई है।
चार घरों में भी सेंधमारी, लाखों के जेवरात गायब
मंदिरों के अलावा चोरों ने गांव के घरों को भी नहीं बख्शा:
- संदीप सिंह राव: इनके घर से 1 किलो चांदी और 5 तोला सोने के आभूषण चोरी हुए।
- मफत सिंह राव: इनके घर से करीब 3 किलो चांदी और 10 तोला सोना चोरी होने की खबर है।
- देवीचंद पुरोहित और नरेश पुरोहित: इनके घरों के भी ताले तोडकर चोरों ने सामान अस्त-व्यस्त कर दिया।

पुलिस की कार्रवाई और ग्रामीणों की मांग
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौका मुआयना किया और अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में पूर्व में भी कई बार चोरियां हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस की सुस्ती के कारण खुलासा नहीं हो पा रहा है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों को जल्द पकड़ने की सख्त मांग की है।
अधिकारियों का पक्ष
"चोरी की सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द ही खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।"
— मोहनलाल, थानाधिकारी, सरवाना
"आमली, हिंडवाडा और हाडेचा क्षेत्र की चोरियों के लिए हमारी टेक्निकल टीमें काम कर रही हैं। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।"
— आवड़दान रत्नू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सांचौर







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां