सस्ता सामान दिलाने का झांसा देकर लूटी थी सोने की मुर्की, सीसीटीवी और कांस्टेबल की सूझबूझ से सलाखों के पीछे पहुंचे आरोपी
Circle News Network
सांचौर: जिले में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सांचौर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिला पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह इन्दोलिया के निर्देशन में पुलिस ने महज कुछ ही दिनों में बुजुर्ग के साथ हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को दबोच लिया है। पुलिस ने इनके पास से लूटी गई सोने की मुर्की और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली है।

धोखे से ले गए हवाई पट्टी और कर दी वारदात
घटनाक्रम के अनुसार, 29 दिसंबर 2025 को बाइक सवार बदमाशों ने 72 वर्षीय बुजुर्ग शंकराराम को अपना निशाना बनाया। आरोपियों ने बुजुर्ग को ‘सस्ता दरवाजा’ दिलाने का झांसा दिया और उन्हें अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर सुनसान हवाई पट्टी की तरफ ले गए। वहां मौका पाकर बदमाशों ने बुजुर्ग के कान से सोने की मुर्की जबरदस्ती छीन ली और फरार हो गए।
कांस्टेबल मुकेश कुमार की रही विशेष भूमिका
वारदात के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आवड़दान रतनू और डीएसपी जयराम मुण्डेल के सुपरविजन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी सहायता लेते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इस दौरान कांस्टेबल मुकेश कुमार (कानि. नंबर 970) ने अपनी पैनी नजर और मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपी इन्द्र कुमार की पहचान कर ली। पुलिस ने घेराबंदी कर इन्द्र कुमार को हिरासत में लिया, जिसने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में लूट करने वाले, सहयोग करने वाले और लूट का माल खरीदने वाले तीनों को गिरफ्तार किया है:
- इन्द्र कुमार: निवासी रामदेव कॉलोनी, सांचौर (वारदात का मुख्य कर्ताधर्ता)।
- राकेश कुमार: निवासी रामदेव कॉलोनी, सांचौर (वारदात में शामिल साथी)।
- चेतन सोनी: निवासी अरणियाली हाल सांचौर (लूट की मुर्की खरीदने वाला सुनार)।
बरामदगी और आगे की जांच
पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की मुर्की बरामद कर ली है और वारदात में प्रयुक्त टीवीएस मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है। थानाधिकारी नेमाराम के नेतृत्व में पुलिस अब इन आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है ताकि इलाके में हुई अन्य चोरी और लूट की वारदातों का भी सुराग लग सके।
सावधानी अपील: सर्कल न्यूज़ नेटवर्क आपसे अपील करता है कि अजनबियों के झांसे में न आएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।



