जालौर पुलिस ने कृष्ण कुमार को दबोचा, चुराए गए माल की बरामदगी के प्रयास जारी
जालौर, 30 जुलाई (सर्कल न्यूज़ नेटवर्क)। जोधपुर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों में कमी लाने और चोरों/नकबजनों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे “ऑपरेशन खुलासा” के तहत जालौर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जालौर पुलिस अधीक्षक ज्ञानचन्द यादव के निर्देशन में और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोटाराम गोदारा व पुलिस उप अधीक्षक वृत भीनमाल अन्नराजसिंह राजपुरोहित के निकटतम सुपरविजन में, बागोड़ा पुलिस ने नकबजनी की करीब एक दर्जन वारदातों के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बागोड़ा पुलिस थानाधिकारी हुकमाराम के नेतृत्व में गठित टीम ने, कृष्ण कुमार पुत्र उदाराम, जाति माली, उम्र 33 साल, निवासी मेड़ा पुरोहितान, पुलिस थाना बागोड़ा, जिला जालौर को दस्तयाब किया है।
पुलिस के अनुसार, कृष्ण कुमार को प्रकरण संख्या 84/2025, भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 313(4) और 305(ए) के तहत गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त ने पूछताछ में पूर्व में थाना हल्का क्षेत्र और अन्य थानों में करीबन एक दर्जन नकबजनी की वारदातें करना कबूल किया है।
पुलिस अब आरोपी से चुराए गए माल की बरामदगी और अन्य चोरी के मामलों में गहन पूछताछ कर रही है। अनुसंधान जारी है।



