भीनमाल।
राजस्थान पुलिस के “ऑपरेशन मदमर्दन” के तहत भीनमाल थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्यवाही करते हुए 27 लाख रुपये मूल्य की 186 कॉर्टून अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। शराब की तस्करी में प्रयुक्त एक छह चक्का ट्रक (नंबर GJ 06 AX 3596) को भी जब्त किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर 22-23 जून की मध्यरात्रि को निम्बावास गोचर क्षेत्र में जाल के पेड़ों के बीच खड़े ट्रक पर दबिश दी गई। पुलिस को देखकर तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले, लेकिन ट्रक को मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
लोहे की चादरों के नीचे छुपाई गई थी शराब
पुलिस ने बताया कि ट्रक की बॉडी में लगभग 130 जुट की बोरियों के बंडल रखे गए थे, जिनके नीचे एक विशेष लोहे के चादरों वाला कम्पार्टमेंट बनाकर शराब छुपाई गई थी। पंजाब निर्मित विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब के कुल 186 कॉर्टून इसी कम्पार्टमेंट से बरामद किए गए।
आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज
इस संपूर्ण प्रकरण में भीनमाल थाने में मामला संख्या 256/2025, राजस्थान आबकारी अधिनियम 1950 की धारा 19/54, 14/57, 54क के तहत दर्ज किया गया है।
आईजी जोधपुर के निर्देशन में चल रहा ऑपरेशन
आईजी विकास कुमार के निर्देश पर जोधपुर रेंज में अवैध शराब और मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए ‘ऑपरेशन मदमर्दन’ चलाया जा रहा है। जालोर एसपी ज्ञानचंद्र यादव के निर्देश, एएसपी मोटाराम गोदारा और वृताधिकारी अन्नराजसिंह के सुपरविजन में यह कार्रवाई अंजाम दी गई।
कार्रवाई में जुटी पुलिस टीम
इस ऑपरेशन में उनि गनी मोहम्मद, कांस्टेबल शैतानाराम, दिनेश कुमार, मायंगाराम, पवनसिंह, राजेन्द्र कुमार, डालूराम, भैराराम, रमेशकुमार सहित भीनमाल थाना पुलिस की सक्रिय भूमिका रही। विशेष भूमिका में कांस्टेबल रामलाल व मदनलाल रहे।
📌 भीनमाल पुलिस की यह कार्रवाई अवैध तस्करों के खिलाफ बड़ा संदेश है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
📝 संवाददाता – सर्कल न्यूज टीम, जालोर



