जसवंतपुरा में गहमागहमी के बीच शांतिपूर्ण मतदान; 4 वोटों की रोमांचक बढ़त से दर्ज की शानदार जीत
Circle News Network
जसवंतपुरा। जालौर-सिरोही माहेश्वरी समाज के बहुप्रतीक्षित अध्यक्ष पद के चुनाव जसवंतपुरा स्थित प्रजापत छात्रावास में पूरी पारदर्शिता और उत्साह के साथ संपन्न हुए। चार प्रत्याशियों के बीच चले कड़े और दिलचस्प मुकाबले में जालौर के कैलाश शारदा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 4 मतों से पछाड़कर अध्यक्ष पद पर विजय हासिल की।

चुनाव प्रभारी नंदकिशोर जेतालिया (जालौर), कमलेश राठी (पाली), लोकेश बिरला, प्रेम पनपालिया, सुरेश चांडक और भरत सांचौर की देखरेख में संपन्न हुई इस चुनावी प्रक्रिया में समाज के प्रबुद्ध जनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कुल 104 मतदाताओं में से 101 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

रोमांचक रहा मतगणना का मोड़
मतगणना के दौरान हर किसी की सांसें थमी रहीं। सामने आए परिणामों के अनुसार:
- कैलाश शारदा (जालौर): 33 मत (विजेता)
- जगदीश सांचौर: 29 मत
- सवाई सिंह (भीनमाल): 21 मत
- अशोक राठी: 18 मत
इस प्रकार कैलाश शारदा को 4 वोटों से विजयी घोषित किया गया।
समाज में जश्न का माहौल
चुनाव के दौरान जालौर और सिरोही जिले की सभी 9 तहसीलों के अध्यक्षों समेत दोनों जिलों के सैकड़ों समाजबंधु उपस्थित रहे। परिणाम घोषित होते ही जसवंतपुरा तहसील की ओर से नवनिर्वाचित अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया गया।
जीत के बाद अपनी बात रखते हुए नवनिर्वाचित अध्यक्ष कैलाश शारदा ने कहा, "हार-जीत और चुनाव तो प्रक्रिया का हिस्सा हैं। मेरा मुख्य ध्येय समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलना और अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा की योजनाओं का लाभ धरातल पर आम समाजबंधुओं तक पहुंचाना रहेगा।"







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां