प्रभारी मंत्री के.के. विश्नोई ने जालोर में गिनाईं उपलब्धियां; बोले—11 राष्ट्रीय योजनाओं में राजस्थान नंबर वन, राइजिंग राजस्थान में 9 लाख करोड के काम धरातल पर
जालोर | राज्य सरकार के कार्यकाल के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रभारी मंत्री के.के. विश्नोई ने शनिवार को जालोर कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेसवार्ता कर सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। मंत्री विश्नोई ने कहा कि बीते दो साल 'सुशासन, विकास और विश्वास' के रहे हैं। सरकार की हर घोषणा और फैसला समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति की उन्नति को ध्यान में रखकर लिया गया है।
राइजिंग राजस्थान: विकास की नई इबारत प्रभारी मंत्री ने बताया कि 'राइजिंग राजस्थान' के तहत प्रदेश में निवेश की बयार बह रही है। अब तक 35 लाख करोड रुपये के एमओयू (MoU) संपन्न हुए हैं, जिनमें से 9 लाख करोड रुपये के कार्य धरातल पर उतर चुके हैं। राष्ट्रीय स्तर पर भी राजस्थान का डंका बज रहा है। प्रदेश 11 राष्ट्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन में पूरे देश में प्रथम स्थान पर है, जबकि 5 योजनाओं में दूसरे और 9 योजनाओं में तीसरे स्थान पर है।
सेहत और सडकों पर विशेष फोकस स्वास्थ्य सेवाओं का जिक्र करते हुए विश्नोई ने कहा कि 'मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना' का दायरा बढाते हुए 132 नए पैकेज जोडे गए हैं। अब तक 35 लाख से ज्यादा लोगों को 6,860 करोड रुपये की कैशलेस इलाज सुविधा दी गई है। वहीं, 'मां वाउचर योजना' के तहत 2.26 लाख सोनोग्राफी हुई हैं।
इंफ्रास्ट्रक्चर के मोर्चे पर, बीते दो सालों में 1,640 गांवों को सडकों से जोडा गया है और ग्रामीण नेटवर्क मजबूत करने के लिए 8,557 किलोमीटर मिसिंग लिंक सडकें बनाई गई हैं। बिजली उत्पादन क्षमता में भी 6,363 मेगावाट की ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज की गई है।
युवा, किसान और पर्यावरण सरकार की प्राथमिकता
- रोजगार: युवाओं को 90 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां दी गई हैं, जबकि 1.53 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है।
- राहत: उज्ज्वला और बीपीएल परिवारों को मात्र 450 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर दिया जा रहा है।
- पशुधन: 'मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना' में 9 लाख पशुपालकों के 20 लाख पशुओं का बीमा हुआ है और 1962 मोबाइल वेटनरी वैन से घर बैठे इलाज मिल रहा है।
- पर्यावरण: 'एक पेड मां के नाम' और 'हरियालो राजस्थान' अभियान के तहत पिछले दो साल में रिकॉर्ड 20 करोड पौधे लगाए गए हैं।
ये रहे मौजूद प्रेसवार्ता के दौरान विधानसभा के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, आहोर विधायक छगनसिंह राजपुरोहित, जिला कलेक्टर डॉ. प्रदीप के. गावंडे, पूर्व मंत्री भूपेंद्र देवासी, महेंद्र मेघवाल, जसराज राजपुरोहित, दानाराम चौधरी, दीपसिंह धनानी, सीईओ जिला परिषद नंदकिशोर राजोरा, रवि सोलंकी, दुर्गाराम चौधरी और गजेंद्र सिंह सिसोदिया सहित कई गणमान्य लोग और मीडियाकर्मी मौजूद रहे।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां