रानीवाड़ा। ग्राम पंचायत रानीवाड़ा की नवनिर्वाचित सरपंच श्रीमती सरू कंवर भूप सिंह डाबी ने आज 22 नवंबर को विधिवत तरीके से सरपंच पद का कार्यभार ग्रहण किया। ग्राम विकास अधिकारी (VDO) रामा राम ने नियमानुसार कार्यभार रजिस्टर में हस्ताक्षर करवाकर तथा आवश्यक बैंकिंग एवं अन्य प्रशासनिक औपचारिकताओं को पूरा करवाकर उन्हें पदभार सौंपा।
समारोह में उमड़ा ग्रामीणों और वार्ड पंचों का हुजूम पदभार ग्रहण समारोह के दौरान पंचायत परिसर में उत्सव जैसा माहौल नजर आया। इस मौके पर बड़ी संख्या में नवनिर्वाचित वार्ड पंच और सैकड़ों की तादाद में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे, जिन्होंने नई सरपंच का माल्यार्पण कर स्वागत किया।

समस्याओं के समाधान के लिए बनेगा 'स्पेशल रजिस्टर' और समितियां कार्यभार संभालते ही सरपंच सरू कंवर एक्शन मोड में नजर आईं। उन्होंने मौके पर ही ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और त्वरित निदान का भरोसा दिलाया। उन्होंने घोषणा की कि पंचायत के विकास कार्यों को गति देने के लिए वार्ड पंचों की अलग-अलग समितियां बनाई जाएंगी और सभी को जिम्मेदारियां बांटी जाएंगी। उन्होंने सभी वार्ड पंचों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने वार्ड की समस्याओं को संकलित कर एक विशेष रजिस्टर मेंटेन करें, ताकि प्राथमिकता के आधार पर उनका समयबद्ध समाधान किया जा सके।

रानीवाड़ा की राजनीति में डाबी परिवार का ऐतिहासिक रिकॉर्ड गौरतलब है कि श्रीमती सरू कंवर दूसरी बार रानीवाड़ा की सरपंच बनी हैं। इससे पूर्व भी वे एक बार इस पद पर रह चुकी हैं। खास बात यह है कि रानीवाड़ा ग्राम पंचायत की राजनीति में उनके परिवार का ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है। सरू कंवर से पहले उनके पति भूप सिंह डाबी और उनके पुत्र रिडमल सिंह डाबी भी रानीवाड़ा के सरपंच रह चुके हैं। इस तरह रानीवाड़ा की जनता ने चौथी बार इस परिवार पर भरोसा जताते हुए पंचायत के विकास की कमान सौंपी है।








पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां