रानीवाड़ा खुर्द में भाजपा महिला मोर्चा का जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, 'श्री अन्न' और स्वदेशी अपनाने का आह्वान
रानीवाड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार के बारह वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित स्वर्णिम वर्ष कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत भाजपा महिला मोर्चा द्वारा क्षेत्र में जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष डा. राखी राठौड़, भाजपा जिलाध्यक्ष जसराज राजपुरोहित, संगठन प्रभारी महेंद्र मेघवाल तथा जिला संयोजक एवं महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री अमरावती शर्मा के निर्देशानुसार जालौर महिला मोर्चा के बैनर तले केंद्र सरकार की विकास योजनाओं और संदेशों को आमजन तक पहुंचाया जा रहा है।
इसी कड़ी में रानीवाड़ा खुर्द मुख्यालय पर महिला मोर्चा की जिला सह संयोजक विमला विश्नोई के मुख्य आतिथ्य में एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

कम तेल-मसालों का करें प्रयोग
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विमला विश्नोई ने कहा कि ईंधन संरक्षण, ऊर्जा बचत और खाद्य तेल के सीमित उपयोग को लेकर जिले के गांवों और ढाणियों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे भोजन में कम से कम तेल और गरम मसालों का उपयोग करें। हमारी पारंपरिक भारतीय भोजन पद्धतियां ही स्वास्थ्य के लिए सबसे उत्तम और पौष्टिक हैं, जिन्हें आज हमें फिर से दैनिक जीवन में अपनाने की जरूरत है। विश्नोई ने खेती को लेकर भी आगाह किया कि बिना जानकारी के रासायनिक पदार्थों का उपयोग न करें और इसके स्थान पर पारंपरिक देशी खाद व बीजों को प्राथमिकता दें।
जंक फूड दे रहा बीमारियों को न्यौता
ग्राम पंचायत प्रशासक एवं महिला मोर्चा की पूर्व मंडल अध्यक्ष शोभना सुथार ने कहा कि आधुनिक युग में बच्चे और बड़े, सभी जंक फूड की गिरफ्त में आ रहे हैं। यह खानपान शरीर में गंभीर और जानलेवा बीमारियों को आमंत्रण दे रहा है। प्रधानमंत्री के संदेश को जीवन में उतारने का संकल्प लेते हुए उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए हमें अपने दैनिक आहार में मोटे अनाज (अन्न), फल, सलाद और अंकुरित अनाज जैसे स्वास्थ्यवर्धक विकल्पों को शामिल कर स्वदेशी जीवनशैली को अपनाना होगा।
अनुभवों का हुआ आदान-प्रदान
कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष हीरालाल सारस्वत और मुकेश कुमार खंडेलवाल ने भी उपस्थित महिलाओं को केंद्र सरकार के बारह वर्षों के सेवा और सफलता के विकास कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण महिलाओं और मातृशक्ति ने भाग लिया तथा उत्तम स्वास्थ्य और बेहतर खानपान को लेकर अपने-अपने अनुभव साझा किए।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां