गलत विदेश नीति के कारण देश में ईंधन संकट, आमजन पर महंगाई का बोझ डाल रही केंद्र सरकार: जिलाध्यक्ष रमिला मेघवाल
जालोर। केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा घरेलू रसोई गैस की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी और मांगलिक सीजन में कमर्शियल सिलेंडर की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने में विफलता के खिलाफ गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने कलेक्ट्रेट के सामने जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष रमिला मेघवाल ने किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंक कर अपना रोष प्रकट किया।
विदेश नीति विफल, महंगाई की मार
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष रमिला मेघवाल ने केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध के दौर में केंद्र की गलत विदेश नीति के कारण देश के हितों को भारी नुकसान पहुँचा है। इसी का नतीजा है कि आज देश में ईंधन का संकट खड़ा हो गया है। सरकार ने घरेलू रसोई गैस के दाम 60 रुपये प्रति सिलेंडर बढ़ाकर आम आदमी की कमर तोड़ दी है। उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान में शादियों और सामाजिक समारोहों का दौर चल रहा है, लेकिन सरकार कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति करने में पूरी तरह विफल रही है, जिससे सामाजिक कार्यों में भारी बाधा आ रही है। साथ ही उन्होंने खाड़ी देशों में फंसे भारतीयों की वापसी के लिए ठोस कदम न उठाने पर भी चिंता जताई।

मांडोली हत्याकांड के पीड़ितों को दिया समर्थन
प्रदर्शन के पश्चात जिलाध्यक्ष रमिला मेघवाल के नेतृत्व में समस्त कांग्रेसजन गणपत सिंह मांडोली हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे परिजनों के बीच पहुँचे। कांग्रेस नेताओं ने परिजनों को अपना पूर्ण समर्थन दिया। इसके बाद कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल ने जिला कलेक्टर और जिला पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर हत्याकांड के आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की पुरजोर मांग की।
ये रहे उपस्थित
इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष भवरलाल मेघवाल, वरिष्ठ कांग्रेसी सवाराम पटेल, ईशराराम विश्नोई, जिला प्रवक्ता योगेंद्र सिंह कुम्पावत, जिला संगठन महासचिव वीरेन्द्र जोशी, गजेन्द्र सिंह डोडियाली, भोमाराम मेघवाल, मुमताज अली, खसाराम मेघवाल, रमेश सोलंकी, बसंत सुथार, जाकिर खान, सी एल गहलोत, कामिनी शर्मा, गीता श्री मेघवाल, जुबैदा बनो, शीला चौधरी, सुरेश मेघवाल, छगनलाल माली, साकिर खान, देवाराम सांखला, दीपाराम मेघवाल, सुरेश चौधरी, आलम खान, कालूराम मेघवाल, महेंद्र सोनगरा, जोगाराम सरगरा, पुखराज माली, कपूराराम परिहार, कार्तिक दवे, रजब खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां