जसवन्तपुरा (जालोर): रानीवाड़ा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक श्री रतन देवासी की सुरक्षा का मामला अब जालोर में जन आंदोलन का रूप लेता जा रहा है। विधायक देवासी द्वारा अपनी ऑफिशियल सोशल साइट ‘एक्स’ पर परिवार को नुकसान पहुँचाने की आशंका जताए जाने के बाद, उनके सैकड़ों समर्थकों ने आज एकजुट होकर उपखण्ड अधिकारी, जसवन्तपुरा के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री, राजस्थान सरकार को एक कड़ा ज्ञापन सौंपा है।
समर्थकों ने स्पष्ट किया है कि यह ज्ञापन विधायक के निर्देश पर नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा को लेकर क्षेत्र की जनता और शुभचिंतकों की गहरी चिंता के कारण दिया गया है।

भू-माफिया, नशा तस्करों से लड़ाई का नतीजा
ज्ञापन में बताया गया है कि विधायक देवासी पिछले कई वर्षों से रानीवाड़ा क्षेत्र में सक्रिय भू-माफियाओं, ड्रग्स (स्मैक, एमडी) तस्करों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार आवाज उठा रहे हैं। वह गरीबों और शोषित वर्ग के हितों में हमेशा मुखर रहे हैं, जिसके कारण यह माफिया गठजोड़ उन्हें निशाना बना रहा है।
विधायक देवासी ने 22 सितंबर 2025 की अलसुबह सोशल मीडिया पोस्ट में स्वयं को और परिवार को असुरक्षित महसूस करने की बात कही थी, जिसके बाद से ही समर्थकों में भारी आक्रोश है।
‘षड्यंत्र रचने वालों का पर्दाफाश हो’
ज्ञापन में इस बात पर जोर दिया गया है कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा विभिन्न माध्यमों से लिखित और ऑडियो चेतावनी भरी बातें प्रसारित की जा रही हैं। समर्थकों ने आशंका जताई है कि विधायक के खिलाफ योजनाबद्ध तरीके से गंभीर षड्यंत्र रचे जा रहे हैं।
समर्थकों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय और गहनता से जाँच करवाकर षड्यंत्र रचने वाले तत्वों को तुरंत चिन्हित किया जाए और उनसे पूछताछ की जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कठोर कानूनी कार्रवाई नहीं की गई और विधायक की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई, तो जनता धरना-प्रदर्शन और आमरण अनशन करने पर मजबूर होगी।
विधायक के समर्थकों की इस आक्रामक पहल ने जिला प्रशासन पर तुरंत कार्रवाई करने का दबाव बढ़ा दिया है। अब देखना यह है कि राज्य सरकार एक जनप्रतिनिधि की सुरक्षा और जनता की मांग को लेकर क्या कदम उठाती है।



