जिलाध्यक्ष रमीला मेघवाल ने बस को दिखाई हरी झंडी, आहोर से सरोज चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भरा दम, दोनों निर्वाचित विधायकों की जालोर में रही गैर हाजरी, निजी साधनों से सीधे दिल्ली जाने की खबर
जालोर/आहोर | अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर दिल्ली के रामलीला मैदान में 14 दिसंबर को आयोजित होने वाली "वोट चोर गद्दी छोड" महारैली को लेकर जालोर जिले में सियासी पारा गरमा गया है। केंद्र सरकार के खिलाफ आयोजित इस विशाल प्रदर्शन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए जालोर और आहोर विधानसभा से सैकडों की संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं।
जालोर: 500 से अधिक कार्यकर्ताओं का जत्था रवाना जालोर जिला मुख्यालय पर आज दोपहर सियासी हलचल तेज रही। कांग्रेस जिलाध्यक्ष रमीला मेघवाल ने दोपहर 4 बजे कांग्रेस जनों की बस को हरी झंडी दिखाकर दिल्ली के लिए रवाना किया। कांग्रेस प्रवक्ता योगेंद्र सिंह कुम्पावत ने बताया कि जिले भर से करीब 500 कांग्रेस कार्यकर्ता बस, रेल और निजी वाहनों के जरिए दिल्ली कूच कर रहे हैं। अकेले जालोर विधानसभा क्षेत्र से 150 कार्यकर्ता इस महारैली में हुंकार भरने पहुंच रहे हैं।
इस दौरान जालोर ब्लॉक अध्यक्ष भानाराम मेघवाल, सायला ब्लॉक अध्यक्ष सवाई सिंह चंपावत, एससी विभाग जिलाध्यक्ष खसाराम मेघवाल, मांगीलाल भील, देवाराम सांखला, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष किशनाराम चौधरी, लक्ष्मीकांत दवे, जेताराम मेघवाल, पूर्व पार्षद जोगाराम सरगरा, रतनलाल चुरा सहित सैकडों कार्यकर्ता जोश-खरोश के साथ रवाना हुए।
आहोर: सरोज चौधरी के नेतृत्व में लामबंद हुए कांग्रेसी उधर, आहोर विधानसभा क्षेत्र में भी महारैली को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा गया। यहां से कांग्रेस प्रत्याशी सरोज चौधरी के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं का भारी हुजूम दिल्ली के लिए निकला है।
पूर्व जिलाध्यक्ष भंवरलाल मेघवाल, पूर्व प्रत्याशी सवाराम पटेल, पीसीसी महासचिव उमसिंह चांदराई और जिला उपाध्यक्ष आमसिंह परिहार जैसे दिग्गज नेताओं के साथ संगठन महासचिव वीरेंद्र जोशी, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष बस्तीमल चौहान, ब्लॉक अध्यक्ष गजेंद्र सिंह डोडियाली, नगर अध्यक्ष भंवरलाल छिपा समेत कई वरिष्ठ नेता ट्रेन और बसों के जरिए दिल्ली पहुंच रहे हैं। आहोर से मंडल अध्यक्ष कुशाल सिंह राजपुरोहित, नारायण सिंह राठौड, सेवादल के पोलाराम मेघवाल और सरपंच वागाराम परमार सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी 'वोट चोर गद्दी छोड' के नारे के साथ दिल्ली की राह पकडी है।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां