दक्षिण भारत के दौरे पर हैं सांसद चौधरी, उटी की यात्रा के बाद पहुंचे तमिलनाडु; समसामयिक मुद्दों पर प्रवासियों संग की चर्चा
चेन्नई। जालोर-सिरोही लोकसभा क्षेत्र के नवनिर्वाचित सांसद लुंबाराम चौधरी अपने दक्षिण भारत दौरे के तहत कल तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई पहुंचे। उनके चेन्नई आगमन पर स्थानीय प्रवासी राजस्थानी और भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया। सांसद के साथ जालोर भाजपा के कद्दावर नेता हिंगलाजदान चारण सहित उनकी पूरी टीम भी मौजूद रही।
प्रवासियों ने साफा और माला पहनाकर किया स्वागत
चेन्नई पहुंचने पर भाजपा के स्थानीय प्रवासी नेता जीतूभाई लौहार, अशोकसिंह राठौड़ सहित कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सांसद लुंबाराम चौधरी का गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रवासियों ने राजस्थानी परंपरा के अनुसार सांसद को साफा पहनाकर और फूलों की बड़ी मालाएं समर्पित कर उनका अभिनंदन किया। उन्होंने रामेश्वरम से रामदेवरा रेलगाड़ी और चेन्नई – भगत की कोठी ट्रेन के डिब्बो की सफाई और वाटरटैंक फिल उप का कार्य रानीवाड़ा में करवाने और इस ट्रेन को सातों दिन रेगुलर करने का निवेदन किया|

पूर्व जिलाध्यक्ष अमीचंद जैन के निवास पहुंचे सांसद
स्वागत समारोह के बाद सांसद चौधरी जालोर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अमीचंद जैन से मिलने उनके चेन्नई स्थित निवास स्थान पर पहुंचे। गौरतलब है कि अमीचंद जैन इन दिनों स्वास्थ्य लाभ लेने के लिए चेन्नई आए हुए हैं। सांसद ने उनके निवास पर जाकर उनके स्वास्थ्य की कुशलक्षेम जानी और ईश्वर से उनके शीघ्र पूर्ण स्वस्थ होने की कामना की।
इस आत्मीय मुलाकात के दौरान जालोर-सिरोही के प्रसिद्ध पर्यावरणप्रेमी राव सज्जनसिंह रानीवाड़ा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सांसद और वरिष्ठ नेताओं के बीच इस दौरान क्षेत्र के विकास और देश की समसामयिक करंट घटनाओं व राजनीतिक मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा हुई।

उटी के बाद चेन्नई का दौरा
सांसद लुंबाराम चौधरी इन दिनों दक्षिण भारत के संगठनात्मक और अनौपचारिक दौरे पर हैं। चेन्नई पहुंचने से पहले उन्होंने उटी (ऊटी) की भी यात्रा की थी। चेन्नई में पूर्व जिलाध्यक्ष से मुलाकात और प्रवासियों के कार्यक्रमों के दौरान भारी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, प्रवासी उद्यमी और जालोर-सिरोही क्षेत्र के लोग मौजूद रहे।



