जयपुर/रानीवाड़ा, (सर्कल न्यूज़ नेटवर्क)। रानीवाड़ा के पूर्व विधायक नारायण सिंह देवल ने आज जयपुर में उपमुख्यमंत्री एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग मंत्री दिया कुमारी से उनके शासन सचिवालय स्थित कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान देवल ने रानीवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति से मंत्री को अवगत कराया और साथ ही नए विकास कार्यों को स्वीकृत करने की मांग भी रखी।
टोल प्लाजा पर स्थानीय वाहनों से वसूली का विरोध उठाया
मुलाकात के दौरान पूर्व विधायक देवल ने हाल ही में रामसीन-भीनमाल-रानीवाड़ा स्टेट हाईवे – 31 पर कोटड़ा गांव के नजदीक शुरू हुए टोल प्लाजा पर स्थानीय वाहनों से टोल वसूली किए जाने पर हो रहे विरोध से भी दिया कुमारी को अवगत कराया। उन्होंने स्थानीय लोगों की इस संबंध में उठ रही मांगों को प्रमुखता से रखा।
देवल ने रानीवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के सभी विभागों में सामने आ रही समस्याओं को लेकर भी दिया कुमारी को काफी देर तक विस्तृत जानकारी दी। मंत्री दिया कुमारी ने पूर्व विधायक नारायण सिंह देवल को उनकी सभी मांगों और समस्याओं पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस मुलाकात को रानीवाड़ा क्षेत्र के विकास और स्थानीय मुद्दों के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



