सुखराम विश्नोई, रतन देवासी और समरजीत सिंह के गढ़ में सह-प्रभारी की मैराथन बैठकें, रानीवाड़ा से सांचोर तक सियासी हलचल तेज
जालौर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव और राजस्थान सह-प्रभारी रुत्विक मकवाना मंगलवार, 21 जुलाई को जालौर और सांचोर जिलों के एकदिवसीय तूफानी दौरे पर रहेंगे। आगामी संगठनात्मक मजबूती और चुनावी जमीनी पकड़ को धार देने के लिए मकवाना एक ही दिन में रानीवाड़ा, भीनमाल और सांचोर विधानसभा क्षेत्रों का मैराथन दौरा करेंगे। वे यहां विधानसभा स्तरीय बैठकों में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से सीधा संवाद कर संगठन की नब्ज टटोलेंगे।
एक दिन में तीन विधानसभाएं: यह रहेगा मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
जिला प्रवक्ता योगेंद्र सिंह कुम्पावत ने बताया कि सह-प्रभारी रुत्विक मकवाना मंगलवार सुबह सड़क मार्ग से जालौर जिले में प्रवेश करेंगे। उनका कार्यक्रम बेहद व्यस्त और संगठनात्मक गतिविधियों पर केंद्रित रहेगा:
- सुबह 9:00 बजे: रानीवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं की बैठक।
- दोपहर 2:00 बजे: भीनमाल विधानसभा क्षेत्र में संवाद और समीक्षा।
- शाम 5:00 बजे: सांचोर विधानसभा क्षेत्र में बैठक और इसके बाद रात्रि विश्राम सांचोर में ही होगा।
संगठन को मजबूत करने का चलेगा विशेष अभियान
इस दौरे का मुख्य उद्देश्य कांग्रेस संगठन को निचले स्तर तक और अधिक मजबूत बनाना है। बैठकों के दौरान आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी और वर्तमान गतिविधियों की गहन समीक्षा होगी। सह-प्रभारी सीधे जमीन से जुड़े कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेंगे ताकि आगामी चुनौतियों के लिए रणनीति को अंतिम रूप दिया जा सके।
दिग्गज नेताओं का रहेगा जमावड़ा
इन तीनों ही महत्वपूर्ण बैठकों में क्षेत्र के प्रमुख कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी रहेगी। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सुखराम विश्नोई, भीनमाल विधायक डॉ. समरजीत सिंह राठौड़, रानीवाड़ा विधायक रतन देवासी और जिलाध्यक्ष रमिला मेघवाल सहित संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के प्रदेश व जिला पदाधिकारी शामिल होंगे। इसके साथ ही ब्लॉक अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष, वर्तमान व पूर्व जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, कार्यकारिणी सदस्य, अग्रिम संगठनों और विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ कांग्रेसजन उपस्थित रहकर संगठन की मजबूती का संकल्प लेंगे।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां