VB-GRAM-G विधेयक के विरोध में एकजुट हुए कांग्रेसी; डॉ. अंबेडकर सभा स्थल पर जिलाध्यक्ष रमिला मेघवाल के नेतृत्व में जताया रोष
जालौर। केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा ग्रामीण आजीविका और मनरेगा के मूल स्वरूप पर किए जा रहे हमलों के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी जालौर ने आज ‘मनरेगा बचाओ संग्राम जनआंदोलन’ का बिगुल फूँक दिया। रविवार, 11 जनवरी 2026 को जिलाध्यक्ष रमिला मेघवाल के नेतृत्व में हरिदेव जोशी सर्किल स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर सभा स्थल पर सुबह 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक एक दिवसीय सांकेतिक उपवास रखा गया।
संविधान निर्माता और शास्त्रीजी को दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम का आगाज बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की पुण्यतिथि पर उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर समस्त कांग्रेसियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

काम के अधिकार की रक्षा की मांग
उपवास के दौरान वक्ताओं ने केंद्र सरकार से VB-GRAM-G विधेयक को तत्काल वापस लेने और मनरेगा को उसके पुराने अधिकार-आधारित स्वरूप में बहाल करने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन ग्रामीण श्रमिकों के काम के अधिकार की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। इस दौरान सभी उपस्थित कांग्रेसजनों ने भोजन का त्याग कर अपना विरोध दर्ज कराया।
पूर्व मंत्री ने दिलाई शपथ
सांकेतिक उपवास के बीच पूर्व मंत्री सुखराम विश्नोई ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ अभियान के तहत शपथ दिलाई कि वे ग्रामीण आजीविका के अधिकारों के लिए अपना संघर्ष जारी रखेंगे।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस विशाल जनआंदोलन में जिलाध्यक्ष रमिला मेघवाल, पूर्व मंत्री सुखराम विश्नोई, पूर्व मंत्री पुखराज पाराशर, रानीवाड़ा विधायक रतन देवासी, आहोर कांग्रेस प्रत्याशी सरोज चौधरी, सवाराम पटेल, ईशराराम विश्नोई, जिला प्रवक्ता योगेंद्र सिंह कुम्पावत, संगठन महासचिव वीरेंद्र जोशी और महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष कँवर सहित सेवादल, एनएसयूआई और विभिन्न प्रकोष्ठों के जिलाध्यक्ष व सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



