जिलाध्यक्ष रमिला मेघवाल के नेतृत्व में जुटेगी जालोर कांग्रेस; विदेश नीति की विफलता और खाड़ी देशों में फंसे भारतीयों के मुद्दे पर भी घेरेगी सरकार।
महंगाई के बोझ तले दबी जनता, सड़क पर उतरेगी कांग्रेस
जालोर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जालोर जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आगामी 12 मार्च (गुरुवार) दोपहर 12:00 बजे जिला कलेक्ट्रेट के समक्ष एक विशाल विरोध-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। जिलाध्यक्ष रमिला मेघवाल के नेतृत्व में होने वाले इस प्रदर्शन में जिले भर के प्रमुख कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
ईंधन संकट और महंगाई का आरोप जिला प्रवक्ता योगेंद्र सिंह कुम्पावत ने केंद्र सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा की गलत विदेश नीति के कारण देश आज ईंधन संकट से जूझ रहा है। इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के समय देश के हितों को सुरक्षित रखने में केंद्र सरकार पूरी तरह विफल रही है। आम जनता पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ डालते हुए घरेलू रसोई गैस के दामों में 60 रुपये प्रति सिलेंडर की भारी बढ़ोतरी कर दी गई है।
शादी-समारोहों पर संकट कुम्पावत ने बताया कि वर्तमान में शादियों और सामाजिक समारोहों का दौर चल रहा है, लेकिन केंद्र सरकार ने ऐन वक्त पर कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति बाधित कर दी है। इससे आमजन को सामाजिक कार्य संपन्न करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार का यह निर्णय आम आदमी के लिए घातक साबित हो रहा है।
विदेश नीति और भारतीयों की सुरक्षा पर सवाल प्रदर्शन के दौरान खाड़ी देशों में फंसे असंख्य भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया जाएगा। कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र सरकार अपने नागरिकों को वापस लाने के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं कर रही है। अकर्मण्यता और अव्यवस्था के विरोध में जालोर कांग्रेस कलेक्ट्रेट के बाहर अपना विरोध दर्ज कराएगी।
दिग्गजों का रहेगा जमावड़ा इस विरोध-प्रदर्शन में विधायकगण, पूर्व विधायक प्रत्याशी, प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी, वरिष्ठ कांग्रेसजन, पूर्व व वर्तमान जनप्रतिनिधि, ब्लॉक, नगर व मंडल अध्यक्षों सहित अग्रिम संगठनों और प्रकोष्ठों के तमाम जिलाध्यक्ष व कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां