नई दिल्ली। जालौर-सिरोही लोकसभा क्षेत्र के सांसद लुम्बाराम चौधरी ने आज लोकसभा में नियम 377 के तहत महत्वपूर्ण रेलवे मुद्दों को उठाया। उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र में रेल सेवाओं के विस्तार और सुविधाओं में सुधार के लिए केंद्र सरकार से तत्काल कदम उठाने की अपील की। चौधरी ने कोरोना काल से बंद ट्रेनों को फिर से शुरू करने, एक्सप्रेस ट्रेनों का विस्तार करने और नई रेल लाइनों के लिए सर्वे को जल्द पूरा करने की मांग की।

ट्रेनों का विस्तार और नए ठहराव की मांग
सांसद चौधरी ने प्रमुख रूप से यात्री ट्रेनों की कनेक्टिविटी बढ़ाने की मांग की। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि कोरोना काल से पहले चलने वाली 54805/54806 जयपुर-अहमदाबाद लोकल ट्रेन को फिर से शुरू किया जाए। इसके विकल्प के रूप में, उन्होंने 19735/19736 जयपुर-मारवाड़ एक्सप्रेस को अहमदाबाद तक विस्तारित करने का सुझाव दिया। इसके अलावा, 22977/78 जयपुर-जोधपुर एक्सप्रेस का विस्तार जालौर तक और सालासर एक्सप्रेस (22421/22422) तथा कामाख्या एक्सप्रेस (15623/15624) को गांधीधाम तक वाया जालौर चलाने की मांग की गई। क्षेत्र की बढ़ती जरूरत को देखते हुए, उन्होंने बाड़मेर-यशवंतपुर एक्सप्रेस (14805/14806) को सातों दिन चलाने की मांग भी रखी।
चौधरी ने ट्रेनों के ठहराव की समस्या पर भी ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा कि पिंडवाड़ा स्टेशन पर आश्रम एक्सप्रेस, गरीब रथ एक्सप्रेस और बेंगलुरु एक्सप्रेस (16507/16508) का ठहराव दिया जाए। इसी तरह, स्वरूपगंज स्टेशन पर हरिद्वार मेल, आश्रम एक्सप्रेस और गरीब रथ एक्सप्रेस को रोका जाए। उन्होंने डी.एम.यू. (79437/79438, 79431/79432) को फालना तक विस्तारित करने की भी मांग की।
बुनियादी ढांचे और सुविधाओं पर भी दिया जोर
ट्रेनों के संचालन के साथ-साथ सांसद ने रेलवे के बुनियादी ढांचे और स्टेशनों पर सुविधाओं के विस्तार को भी प्राथमिकता दी। उन्होंने पिंडवाड़ा में लेवल क्रॉसिंग 104 पर आर.यू.बी. (रेलवे अंडर ब्रिज) का निर्माण कार्य तुरंत शुरू करने की मांग की, ताकि यातायात की समस्या का समाधान हो सके। इसके अलावा, उन्होंने बागरा-सिरोही-स्वरूपगंज नई रेललाइन के स्वीकृत फाइनल लोकेशन सर्वे को जल्द शुरू कर सिरोही जिला मुख्यालय को रेलवे नेटवर्क से जोड़ने पर जोर दिया।
स्टेशनों पर सुविधाओं के संबंध में, चौधरी ने रानीवाड़ा स्टेशन पर अनुरक्षण सुविधाएँ (जैसे वाशिंग/पिट लाइन, लोको पायलट विश्रामालय, कोच वाटर फिलिंग सिस्टम) स्थापित करने की मांग की। उन्होंने जालौर और भीनमाल स्टेशनों पर बंद की गई लगेज और पार्सल सुविधा को पुनः शुरू करने की भी अपील की, ताकि व्यापारियों और आम जनता को लाभ मिल सके।
सांसद ने उम्मीद जताई कि सरकार इन महत्वपूर्ण मांगों पर गंभीरता से विचार करेगी और जालौर संसदीय क्षेत्र में रेलवे सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए त्वरित कार्रवाई करेगी।



