जालोर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जालोर जिला कांग्रेस, अल्पसंख्यक विभाग के नवनियुक्त सह प्रभारी जनाब अमीन खान धवा रविवार को निजी संक्षिप्त दौरे पर जालोर पहुंचे। उनके इस दौरे ने न केवल कार्यकर्ताओं में उत्साह जगाया बल्कि संगठन की मजबूती को लेकर भी नई ऊर्जा दी।
जालोर आगमन पर अमीन खान ने सबसे पहले गोड़ीजी स्थित मशहूर मख़दूम मियां मोटन शाह दरगाह पर हाजिरी दी। उन्होंने यहां चादरपोशी कर जिले में अमन, चैन और तरक्की की दुआ मांगी। दरगाह पर उनकी मौजूदगी से कार्यकर्ता और स्थानीय समाजजन काफी उत्साहित दिखे।

दरगाह पर श्रद्धांजलि देने के बाद अमीन खान ने कांग्रेस पार्टी के युवा कार्यकर्ताओं और संगठन के पदाधिकारियों से मुलाकात की। जालोर मोयला समाज के युवा जिलाध्यक्ष अमीन मोयला ने बताया कि सह प्रभारी ने युवाओं से कांग्रेस पार्टी को मज़बूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का असली आधार उसकी विचारधारा और उसमें विश्वास रखने वाले कार्यकर्ता हैं, जिन्हें एकजुट रहकर पार्टी को मजबूती देनी होगी।
अमीन खान ने युवाओं से बातचीत करते हुए साफ कहा कि आने वाले समय में संगठन की ताकत युवा कार्यकर्ताओं की सक्रियता और समर्पण से ही तय होगी। उन्होंने संगठन को गांव-गांव और समाज-समाज तक मजबूती से पहुँचाने पर भी बल दिया।
मुलाकात के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अमीन खान का गर्मजोशी से स्वागत किया और भरोसा दिलाया कि जिला स्तर से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को मज़बूत करने में वे पूरी ताकत से योगदान करेंगे।
अमीन खान का यह दौरा संक्षिप्त भले रहा हो, लेकिन इससे स्थानीय स्तर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। दरगाह पर चादरपोशी और कार्यकर्ताओं संग बैठकों को लेकर जिले भर में इस दौरे की चर्चा रही। इस मौके पर कसगर समाज से जिलाध्यक्ष रज्जाक खान, मिलना सत्तार नूरी, सलीम खान, फिरोज खान, जावेद खान, फारूक खान सहित कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद रहे|







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां