धानोल, दांतवाड़ा, पावली और जसवंतपुरा में एक-एक किलोमीटर सड़क निर्माण को मिली प्रशासनिक मंजूरी; पूर्व विधायक देवल के प्रयासों से क्षेत्र को मिली बड़ी सौगात।
Circle News Network – रानीवाड़ा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में सड़क सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए बड़ी सौगात दी है। अटल प्रगति पथ योजना के अंतर्गत रानीवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के चार प्रमुख गांवों—धानोल, दांतवाड़ा, पावली और जसवंतपुरा में सड़क निर्माण कार्यों के लिए कुल 8 करोड़ रुपए की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है।
जारी स्वीकृतियों के अनुसार, इन चारों गांवों में से प्रत्येक गांव में एक-एक किलोमीटर यानी कुल 4 किलोमीटर लंबी ग्रामीण सड़कों (वीआर) का निर्माण किया जाएगा। हर सड़क के निर्माण की अनुमानित लागत 2 करोड़ रुपए तय की गई है। इस बहुप्रतीक्षित विकास कार्य से ग्रामीण आंचल के विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को आवागमन की बेहद सुगम और आधुनिक सुविधा मिलेगी, जिससे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को तीव्र गति मिलने की उम्मीद है।
लंबे समय से इन क्षेत्रों में बेहतर सड़क मार्ग की मांग कर रहे ग्रामीणों ने इस सौगात का जोरदार स्वागत किया है। स्थानीय जनता ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि का पूरा श्रेय पूर्व विधायक देवल के अथक और निरंतर प्रयासों को दिया है। वहीं, इस महत्वपूर्ण स्वीकृति पर पूर्व विधायक देवल ने प्रदेश के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और सार्वजनिक निर्माण विभाग (सानिवि) मंत्री दिया कुमारी का आभार व्यक्त किया है।
सर्कल न्यूज के लिए गुमान सिंह राव की रिपोर्ट



