रानीवाड़ा | राजस्थान ग्राम विकास अधिकारी संघ, ब्लॉक शाखा रानीवाड़ा के चुनाव शनिवार को शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुए। निर्वाचन अधिकारी शंकर लाल चौधरी एवं पर्यवेक्षक सुरेश खिलेरी की देखरेख में आयोजित इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया में महेंद्र परिहार को चुनावों में कड़े संघर्ष के बाद ब्लॉक अध्यक्ष चुना गया। उन्होंने सूंडाराम बिश्नोई को 13-11 से पराजित कर विजय श्री हासिल की है।

चुनाव परिणामों की घोषणा के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष महेंद्र परिहार ने संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन की मजबूती के लिए समर्पित रहेंगे और रानीवाड़ा ब्लॉक के समस्त VDO साथियों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि कैडर से जुड़े हर मुद्दे को प्रमुखता से उठाकर उनका निराकरण करवाया जाएगा।

सर्कल न्यूज नेटवर्क के अनुसार, चुनावी प्रक्रिया में ब्लॉक मंत्री पद पर सुरेश खत्री और जिला प्रतिनिधि के रूप में विकास पूनिया का निर्वाचन हुआ। इसके अतिरिक्त कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए उपाध्यक्ष पद पर सुमेर सिंह, कोषाध्यक्ष पद पर सुनील कुमार, संयुक्त मंत्री पद पर संजय यादव तथा संगठन मंत्री पद पर महेशचंद्र मीणा को जिम्मेदारी सौंपी गई।

चुनाव संपन्न होने के बाद सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को सदस्यों द्वारा माला पहनाकर शुभकामनाएं दी गईं तथा संगठन को सशक्त बनाने हेतु एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया गया। पूरी चुनाव प्रक्रिया अत्यंत सौहार्दपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई।



