रानीवाड़ा/मुंबई। राजस्थान की माटी के सपूत अब देश के अन्य राज्यों की राजनीति में भी अपनी धाक जमा रहे हैं। जालोर जिले के रानीवाड़ा क्षेत्र के आजोदर निवासी इंद्र सिंह झाला ने महाराष्ट्र की सक्रिय राजनीति में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारतीय जनता पार्टी ने झाला की मेहनत और संगठन के प्रति अटूट निष्ठा को देखते हुए उन्हें महाराष्ट्र के मिरा-भाईंदर शहर का जिला सचिव नियुक्त किया है।
शक्ति प्रदर्शन: विधायक और जिलाध्यक्ष ने सौंपा जिम्मेदारी का पत्र
इंद्र सिंह झाला की इस नियुक्ति को लेकर मिरा-भाईंदर में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में उत्साह का माहौल रहा। क्षेत्र के कद्दावर नेता और विधायक (आमदार) नरेंद्र मेहता एवं भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप जैन ने इंद्र सिंह झाला को विधिवत नियुक्ति पत्र सौंपा। इस दौरान नेताओं ने कहा कि झाला की संगठनात्मक क्षमता का लाभ पार्टी को मिलेगा। विशेषकर महाराष्ट्र में रह रहे प्रवासी राजस्थानियों को भाजपा की मुख्यधारा से जोड़ने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।

प्रवासी गौरव: आजोदर से मुंबई तक खुशी का माहौल
इंद्र सिंह झाला मूलतः रानीवाड़ा के आजोदर गांव के रहने वाले हैं और लंबे समय से महाराष्ट्र में रहकर सामाजिक सेवा और राजनीति में सक्रिय हैं। जैसे ही उनकी नियुक्ति की खबर पैतृक गांव पहुँची, ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जताई। प्रवासियों का कहना है कि इंद्र सिंह ने अपनी मेहनत से यह साबित कर दिया है कि मारवाड़ का युवा कहीं भी अपनी पहचान बना सकता है।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा: प्रवासियों के बीच बढ़ेगा भाजपा का जनाधार
जानकारों का मानना है कि इंद्र सिंह झाला को जिला सचिव बनाकर भाजपा ने मिरा-भाईंदर क्षेत्र में रह रहे विशाल प्रवासी राजस्थानी समुदाय को साधने की कोशिश की है। झाला की नियुक्ति से न केवल स्थानीय जनता, बल्कि प्रवासियों की समस्याओं को भी प्रशासनिक स्तर पर मजबूती से उठाया जा सकेगा।



