खुशबू और खुशवंती ने निराश्रित बच्चों को कराया स्नेह भोजन, बांटे उपहार
रानीवाडा (सर्कल न्यूज)। जन्मदिन की खुशियां जब अपनों के साथ-साथ जरूरतमंदों के साथ बांटी जाएं, तो वह उत्सव यादगार बन जाता है। इसी सोच को चरितार्थ करते हुए क्षेत्र के मालवाडा गांव की दो सगी बहनों ने अपने जन्मदिन पर एक अनूठी और प्रेरक नजीर पेश की है। मालवाडा निवासी खुशबू और खुशवंती देवडा ने अपना जन्मदिन किसी होटल या पार्टी में मनाने के बजाय रानीवाडा के निकट स्थित स्वामी श्री आत्मानंद सेवा संस्थान ‘वात्सल्यधाम’ में निराश्रित बच्चों के बीच सादगी से मनाया।

बच्चों के चेहरों पर बिखरी मुस्कान इस अवसर पर दोनों बहनों ने वात्सल्यधाम के नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ केक काटा। खुशबू और खुशवंती की ओर से आश्रम के बच्चों के लिए विशेष स्नेह भोजन की व्यवस्था की गई और उन्हें उपहार भी बांटे गए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने भी दोनों बहनों को जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं दीं।
बेटियां बोझ नहीं, अभिमान हैं: लालसिंह देवडा बेटियों के पिता लालसिंह देवडा ने बताया कि उनके मन में लंबे समय से यह इच्छा थी कि बेटियों का जन्मदिन केवल निजी जश्न न होकर सामाजिक सरोकार का माध्यम बने। उन्होंने कहा कि आज वात्सल्यधाम के बच्चों के बीच यह दिन मनाकर उन्हें आत्मिक शांति मिली है। इस पहल के जरिए वे समाज में उन लोगों को संदेश देना चाहते हैं जो बेटियों को बोझ समझते हैं, ताकि लोग ‘बेटी बचाओ-बेटी पढाओ’ के प्रति जागरूक हो सकें।
ये रहे उपस्थित इस मानवीय पहल के दौरान संस्थान निदेशक अमृत पुरोहित, हॉस्टल वार्डन डिम्पल आचार्य, भंवरलाल गोयल, ऋषभ आचार्य सहित वात्सल्यधाम के बच्चे और समस्त स्टाफ मौजूद रहा। सभी ने देवडा परिवार की इस पहल की सराहना की।



