जालोर, 23 जुलाई। कृषि विभाग ने जालोर जिले के सायला में बुधवार को गुणवत्ता नियंत्रण अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना लाइसेंस के बेची जा रही संदिग्ध कृषि उपयोगी दवाइयों और उर्वरकों की एक बड़ी खेप जब्त की है। कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा, संयुक्त निदेशक कृषि (गुण नियंत्रण) जयपुर के. मंगल और संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) जालोर रामलाल जाट के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई।
संयुक्त निदेशक कृषि विभाग रामलाल जाट ने बताया कि निरीक्षण के दौरान जीवाणा मार्ग पर एक टैक्सी को रोककर जांच की गई, जिसमें संदिग्ध उर्वरक पाए गए। इसके बाद, इन उर्वरकों के भंडारण स्थल राजाराम नगर स्थित गोदाम की तलाशी ली गई। गोदाम से ‘किंग ऑर्गेनिक एग्रो केमिकल, गेट नंबर 464, एपी चौंधाने, तालुका साताना जिला नासिक- 423301 (महाराष्ट्र)’ द्वारा निर्मित और वितरित विभिन्न प्रकार के संदिग्ध उर्वरकों का बड़ा जखीरा मिला।

मौके पर मौजूद व्यक्ति विनायक काडु के पास उर्वरक निर्माण, विक्रय और भंडारण से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। इस पर विभाग ने समस्त भंडारित संदिग्ध उर्वरक को जब्त कर गोदाम को सील कर दिया। मौके से संदिग्ध उर्वरकों के नमूने भी लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। इस मामले में कृषि विभाग द्वारा प्राथमिकी भी दर्ज करवाई गई है।
इस कार्रवाई के दौरान सहायक निदेशक, कृषि विभाग जालोर सुभाष चंद्र और अन्य विभागीय अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। यह कार्रवाई कृषि उत्पादों में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में विभाग के सख्त रुख को दर्शाती है।



