जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. गावंडे ने सौंपे प्रशस्ति पत्र, जिले में अब तक 14 लाख से अधिक गणना प्रपत्र हुए डिजिटाइज
Circle News Network @ जालोर, 2 दिसम्बर राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 (एसआईआर) में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले कार्मिकों को मंगलवार को सम्मानित किया गया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित एक समारोह में जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रदीप के. गावंडे ने राज्य स्तर पर चयनित जालोर जिले के 11 बीएलओ सुपरवाइजरों को राज्य स्तर से प्राप्त प्रशस्ति पत्र देकर उनका हौसला बढ़ाया।

भीनमाल विधानसभा के इन कार्मिकों का हुआ सम्मान समारोह में उत्कृष्ट कार्य के लिए चयनित भीनमाल विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ सुपरवाइजरों को सम्मानित किया गया। इनमें मोहनलाल, गोपाल सिंह राव, पदमसिंह चौहान, महेन्द्रसिंह उमट, मलाराम, तुलसाराम, लादुराम विश्नोई, चन्द्रप्रकाश, नित्यानन्द, माना राम चौधरी व मनमोहन चौधरी शामिल हैं। इन सभी को जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।

उत्कृष्ट कार्य से दूसरों को मिलेगी प्रेरणा: डॉ. गावंडे इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रदीप के. गावंडे ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना में जिले में निर्वाचन से जुड़े अधिकारी और कार्मिक विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) के तहत सराहनीय कार्य कर रहे हैं। उनके इस उत्कृष्ट कार्य से अन्य कर्मचारियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। समारोह में आहोर ईआरओ रोहित चौहान, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी लादेश शर्मा सहित अन्य बीएलओ सुपरवाइजर भी उपस्थित थे।

92% काम पूरा, 11 दिसम्बर से पहले जमा कराएं प्रपत्र जिला निर्वाचन अधिकारी ने कार्यक्रम की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि एसआईआर-2026 के तहत गणना प्रपत्रों को तेजी से डिजिटाइज किया जा रहा है। जालोर जिले में अब तक कुल 14,05,411 (92.27 प्रतिशत) गणना प्रपत्र डिजिटाइज किए जा चुके हैं। उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे अपने भरे हुए परिगणना प्रपत्र 11 दिसम्बर से पूर्व संबंधित बीएलओ के पास अनिवार्य रूप से जमा करवाएं।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां