सर्कल न्यूज़ नेटवर्क
रानीवाड़ा। स्थानीय श्री रघुनाथ बिश्नोई मेमोरियल कॉलेज में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज संरक्षक नरेंद्र कुमार बिश्नोई द्वारा दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को गांधीजी के सत्य, अहिंसा व स्वच्छता के सिद्धांतों तथा शास्त्रीजी की सादगी, ईमानदारी एवं राष्ट्रसेवा के आदर्शों को जीवन में उतारने के लिए प्रेरित किया।
जयंती समारोह के अंतर्गत कॉलेज में पोस्टर प्रदर्शनी, निबंध प्रतियोगिता और मतदाता जागरूकता कार्यक्रम सहित विविध रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन हुआ। पोस्टर प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान और शास्त्रीजी के "जय जवान, जय किसान" संदेश पर आकर्षक चित्र उकेरे। वहीं निबंध प्रतियोगिता के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक जिम्मेदारी पर विचार व्यक्त करते हुए अपनी रचनात्मकता एवं राष्ट्रीय चेतना का परिचय दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए शिक्षा विभागाध्यक्ष विश्राम मीणा, विज्ञान विभागाध्यक्ष गणपति राम वाघेला एवं प्राचार्य डॉ. एस. के. उपा ने कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके विचारों को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन में अपनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। इस दौरान रानीवाड़ा के बीएलओ बाबूसिंह जी ने विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, त्रुटि सुधार कराने तथा निष्पक्ष एवं जागरूक मतदान करने की जानकारी दी।
इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार के सभी सदस्य, आचार्यगण, कर्मचारी तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।











पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां