सेमीफाइनल तक पहुंची दांतवाड़ा की टीम, कोच लीलाराम गुर्जर के मार्गदर्शन में चमकीं भूमिका; ग्रामीणों और परिजनों में हर्ष की लहर
सर्कल न्यूज नेटवर्क
दांतवाड़ा (जालोर)। खेल के मैदान में बेटियों का बढ़ता दबदबा एक बार फिर साबित हुआ है। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पावली में आयोजित 70वीं जिला स्तरीय वॉलीबॉल छात्रा वर्ग प्रतियोगिता में पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दांतवाड़ा की 17 वर्ष आयु वर्ग की होनहार खिलाड़ी भूमिका कुमारी दर्जी पुत्री श्री रूपेश कुमार दर्जी ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर राज्य स्तर पर अपना स्थान पक्का कर लिया है। भूमिका के राज्य स्तरीय चयन की खबर मिलते ही विद्यालय परिवार, परिजनों और समूचे दांतवाड़ा गांव में खुशी की लहर दौड़ गई।

Photo- Hitesh Darji
शानदार खेल से सेमीफाइनल तक का तय किया सफर
प्रतियोगिता में पीएम श्री राउप्रावि दांतवाड़ा की छात्रा टीम ने पहले मुकाबले से ही आक्रामक और अनुशासित खेल का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के उम्दा तालमेल की बदौलत टीम ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल के कड़े और रोमांचक मुकाबले में टीम को हार का सामना जरूर करना पड़ा, लेकिन खिलाड़ियों के जुझारू खेल और अदम्य खेल भावना ने खेल प्रेमियों व निर्णायकों का दिल जीत लिया। पूरे टूर्नामेंट में भूमिका कुमारी का डिफेंस और स्मैशिंग कौशल सबसे खास रहा, जिसके आधार पर चयनकर्ताओं ने उन्हें राज्य स्तर की टीम में शामिल किया।
कोच के मार्गदर्शन और खिलाड़ियों की लगन का फल
ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय विद्यालय के शारीरिक शिक्षक एवं वॉलीबॉल कोच लीलारामजी गुर्जर के कुशल मार्गदर्शन, नियमित कड़े अभ्यास तथा खिलाड़ियों की अथक मेहनत को दिया है। कोच गुर्जर ने बताया कि भूमिका नियमित रूप से अभ्यास सत्र में हिस्सा लेती हैं और खेल के प्रति उनका समर्पण ही उन्हें इस मुकाम तक लेकर आया है।
क्षेत्र की बालिकाओं को मिलेगी नई प्रेरणा
भूमिका कुमारी के भाई हितेश कुमार दर्जी ने इस उपलब्धि पर हर्ष जताते हुए कहा कि यह पूरे परिवार के साथ-साथ गांव के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कोच लीलाराम गुर्जर, विद्यालय प्रशासन और सभी सहयोगियों का आभार जताया। ग्रामीणों का कहना है कि ग्रामीण अंचल से निकलकर राज्य स्तर तक पहुंचना क्षेत्र की अन्य बालिकाओं को भी पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में आगे बढ़ने की नई ऊर्जा और प्रेरणा देगा।
बता देते है की लीलाराम गुर्जर के निर्देशन में उनका बड़ा भाई हितेश कुमार दर्जी भी दो बार वॉलीबॉल में राज्य स्तर पर खेल चुका है|












पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां