सर्कल न्यूज नेटवर्क रानीवाड़ा/रोड़ा।
पंचायत समिति रानीवाड़ा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रोड़ा में आयोजित 70वीं जिला स्तरीय 17 व 19 वर्षीय छात्र-छात्रा सेपक टकरा खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। समारोह जालौर-सिरोही लोकसभा सांसद लुंबाराम चौधरी के मुख्य आतिथ्य एवं पूर्व विधायक नारायण सिंह देवल की अध्यक्षता में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
समारोह के प्रारंभ में मैदान पर विभिन्न टीमों के खिलाड़ियों ने अनुशासित मार्च पास्ट करते हुए शानदार परेड निकाली। मुख्य अतिथि सांसद चौधरी व पूर्व विधायक देवल ने मंच से खिलाड़ियों की सलामी ली और खेल भावना की सराहना की। इस प्रतियोगिता में मेजबान राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रोड़ा की टीमों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तीन प्रमुख खिताब अपने नाम किए, जिनमें दो प्रथम स्थान (स्वर्ण पदक) शामिल रहे। खिलाड़ियों के इस शानदार प्रदर्शन पर विद्यालय परिवार और ग्रामीणों ने खुशी जताई।

प्रवासियों की दशकों पुरानी मांग पूरी, रेल नेटवर्क से जुड़ा क्षेत्र: सांसद चौधरी
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद लुंबाराम चौधरी ने संसदीय क्षेत्र में हुए विकास कार्यों और कनेक्टिविटी पर विस्तार से बात रखी। उन्होंने कहा, "चुनाव के दौरान जब हम प्रवासी बंधुओं से मिलने बेंगलुरु, चेन्नई, मुंबई और अहमदाबाद जाते थे, तब हर जगह एक ही प्रमुख मांग उठती थी— क्षेत्र से सीधी रेल सेवा की कमी। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के विशेष सहयोग से जालौर-सिरोही क्षेत्र में रेल सुविधाओं का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है।"
सांसद ने बताया कि भुज-दिल्ली दैनिक रेल सेवा शुरू होने से क्षेत्र सीधे राजधानी दिल्ली और जयपुर से जुड़ चुका है। इसके अलावा, जोधपुर से चेन्नई की सीधी ट्रेन जो पहले नामुमकिन मानी जा रही थी, उसे सप्ताह में 5 दिन नियमित रूप से शुरू करवा दिया गया है। रेल मंत्री ने पूर्ण आश्वासन दिया है कि जल्द ही इसे सप्ताह के सातों दिन संचालित किया जाएगा। सांसद ने जोर देकर कहा कि केंद्र और राज्य में डबल इंजन की सरकार विकास को गति दे रही है, लेकिन गांव-ढाणी तक विकास की मजबूत कड़ी जोड़ने के लिए आगामी पंचायती राज चुनावों में 'ट्रिपल इंजन' की सरकार बनानी होगी, ताकि ग्राम पंचायत से लेकर दिल्ली तक एक ही दिशा में विकास कार्य हो सकें।
कांग्रेस के झूठ का घड़ा भर चुका, जनता सिखाएगी सबक: नारायण सिंह देवल
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक नारायण सिंह देवल ने कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि विकास कार्य केवल भारतीय जनता पार्टी के शासन में ही धरातल पर उतरते हैं, जबकि कांग्रेस केवल झूठे वादों और भ्रामक प्रचार की राजनीति करती है। देवल ने कहा, "पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने झूठे प्रलोभन देकर और जनता को गुमराह कर मुझे चुनावी शिकस्त दी थी। लेकिन अब जनता पूरी तरह जागरूक हो चुकी है और कांग्रेस के झूठ का भंडाफोड़ हो गया है।"
देवल ने दावा किया कि आगामी पंचायती राज चुनावों में जनता कांग्रेस को करारा जवाब देगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रानीवाड़ा, सरनाऊ और जसवंतपुरा पंचायत समितियों में भाजपा का ही प्रधान बनेगा और जालौर जिले में भाजपा का ही जिला प्रमुख चुनकर आएगा।
अभिभावक बच्चों की पढ़ाई और संस्कारों पर दें ध्यान: सीबीईओ
समारोह में ब्लॉक प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी (सीबीईओ) मंजू प्रतिभा ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि खेल के साथ-साथ शिक्षा जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने उपस्थित अभिभावकों से आह्वान किया कि वे बच्चों की नियमित पढ़ाई, उनके आचरण और गतिविधियों पर पूरा ध्यान दें, ताकि वे समाज और राष्ट्र का नाम रोशन कर सकें।
भामाशाहों का साफा पहनाकर किया भव्य बहुमान
इस पूरे खेल आयोजन को सफल बनाने में रोड़ा निवासी भामाशाहों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का आयोजन भामाशाह छगनलाल पूराजी राजपुरोहित, बाबूलाल उखड़ाजी राजपुरोहित, कांतिलाल भेमाजी राजपुरोहित एवं गवराराम जवाजी राजपुरोहित (निवासी रोड़ा) के आर्थिक व सामाजिक सौजन्य से संपन्न हुआ।
समारोह के दौरान अतिथियों ने चारों भामाशाहों को साफा पहनाकर, माल्यार्पण कर और स्मृति चिह्न प्रदान कर उनका नागरिक अभिनंदन किया। अतिथियों ने कहा कि शिक्षा और खेल के क्षेत्र में आगे आकर सहयोग करने वाले भामाशाह समाज के सच्चे प्रेरणास्रोत हैं।
समारोह में ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में स्थानीय सरपंच कृष्ण कुमार राजपुरोहित, सैनीदान चारण, पूर्व सरपंच मफाराम सेवाड़िया, रणछोड़ाराम सेवाड़िया, जसवंत पुरोहित, शैतान सिंह भाटवास, पदम सिंह भाटवास, कानाराम चौधरी सहित क्षेत्र के कई वर्तमान व पूर्व सरपंच, उपसरपंच, शारीरिक शिक्षक, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। विद्यालय प्रशासन ने अंत में सभी अतिथियों, भामाशाहों और प्रतिभागी टीमों का आभार जताया।












पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां