भीनमाल-जसवंतपुरा मार्ग पर स्थित खजुरिया नाले पर निर्माणाधीन पुल का कार्य पिछले छह महीनों से रुका हुआ है। स्थानीय नागरिकों की चिंता अब बढ़ती जा रही है क्योंकि यह अधूरा पुल दुर्घटनाओं को न्योता दे रहा है।
होली के तीसरे दिन हुई एक दर्दनाक घटना में, तेज गति से आ रही बाइक पुल से टकराई और एक युवा की जान चली गई। इसके बावजूद, प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
आने वाले बारिश के मौसम में स्थिति और गंभीर हो सकती है। नाले में पानी का तेज बहाव रहेगा, जिससे भारी वाहन और दोपहिया चालकों को जानलेवा जोखिम उठाना पड़ेगा। जागरूक नागरिकों ने कई बार विभागीय अधिकारियों और प्रशासन को अवगत कराया, लेकिन उनकी आवाज अनसुनी कर दी गई।
स्थानीय प्रशासन और विभागीय अधिकारियों की चुप्पी पर सवाल उठते हैं—क्या वे किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं?
जनहित में अपील:
भीनमाल के जागरूक नागरिकों की जिला कलेक्टर, अतिरिक्त जिला कलेक्टर और एसडीएम महोदय से मांग है कि पुल निर्माण कार्य तत्काल चालू किया जाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को चाहिए कि वे इस गंभीर समस्या का संज्ञान लें और अविलंब समाधान करें।



