मासिक बैठक में राजस्थान पुलिस ने सिखाए सुरक्षा के गुर, ‘राजकॉप सिटीजन ऐप’ करवाया डाउनलोड; आगामी योग व पर्यावरण दिवस को लेकर दिए निर्देश
Circle News Network रानीवाड़ा। एकल अभियान संच रानीवाड़ा की आचार्य मासिक बैठक का आयोजन स्थानीय आदर्श विद्या मंदिर के प्रांगण में संच समिति की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर और वंदना के साथ किया गया। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ-साथ महिला सुरक्षा और डिजिटल साक्षरता पर विशेष सत्र आयोजित किए गए।

राजस्थान पुलिस ने दी ‘महिला सेफ्टी’ की जानकारी
बैठक के दौरान महिला सुरक्षा को लेकर एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया। इसमें राजस्थान पुलिस रानीवाड़ा थाना की कांस्टेबल कालिका, पैट्रोलिंग टीम की सदस्या ममता दीदी और सुमित्रा दीदी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
सुमित्रा जी ने उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं को राजस्थान पुलिस द्वारा ‘महिला सेफ्टी’ के लिए चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों की विस्तृत जानकारी दी और सुरक्षा के महत्वपूर्ण गुर सिखाए।
मुश्किल घड़ी में मददगार बनेगा ‘RajCop Citizen App’ पुलिस टीम द्वारा बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों के मोबाइल में RajCop Citizen App डाउनलोड करवाया गया। सुमित्रा जी ने बताया कि जब भी किसी लड़की या महिला को कोई मुश्किल घड़ी आए या छेड़छाड़ की घटना हो, तो वे इस ऐप के माध्यम से तुरंत पुलिस को सूचना दे सकती हैं। ऐप पर सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर मदद के लिए पहुंचेगी।
पुलिस विभाग द्वारा महिला सुरक्षा की दिशा में किए गए इस सराहनीय कार्य की एकल अभियान के सभी सदस्यों ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की।

अतिथियों का हुआ गर्मजोशी से स्वागत
बैठक में पधारे पुलिस विभाग के अतिथियों का स्वागत संच प्रमुख आसूराम गोयल द्वारा दुपट्टा पहनाकर किया गया। इस अवसर पर लक्ष्मी और रीना बहन द्वारा भी महिला पुलिस कर्मियों का आत्मीय स्वागत किया गया। सत्र के दौरान अंचल प्रशिक्षण प्रमुख मोड़ा राम ने उपस्थित अतिथियों को एकल विद्यालय की पृष्ठभूमि, कार्यपद्धति और इसकी रूपरेखा से अवगत कराया। इस पर पुलिस टीम (दीदी) ने एकल द्वारा किए जा रहे इस पुण्य कार्य की सराहना की और सभी से तन-मन से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
समीक्षा, आगामी कार्ययोजना और डिजिटल अपडेट
बैठक के मुख्य सत्र में संच प्रमुख आसूराम गोयल ने उपस्थित सभी आचार्यों से पिछले माह की समीक्षा की, जीकेवी उपस्थिति पत्रक रिपोर्ट ली तथा आगामी माह के पाठ्यक्रम को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके साथ ही, तकनीकी रूप से सुदृढ़ होने के लिए अंचल प्रशिक्षण प्रमुख मोड़ा राम ने सभी आचार्यों के मोबाइल में ‘आचार्य ऐप’ अपडेट करवाया। डिजिटल ऐप के माध्यम से ही सभी की उपस्थिति भी दर्ज की गई।
योग और पर्यावरण दिवस मनाने के निर्देश
अंचल प्रशिक्षण प्रमुख मोड़ा राम ने आने वाले ‘विश्व पर्यावरण दिवस’ और ‘अंतरराष्ट्रीय योग दिवस’ को प्रत्येक विद्यालय में पूरे उत्साह और जनभागीदारी के साथ मनाने के निर्देश दिए।
बैठक में आयुष मंत्रालय द्वारा आयोजित ‘हर्बल होम रेमेडी’ (घरेलू उपचार) एवं योग प्रशिक्षण कार्यक्रम की भी जानकारी दी गई। आचार्यों को इस अभियान में अधिक से अधिक रजिस्ट्रेशन करने और प्रतिदिन सुबह योग प्रशिक्षण से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
बैठक के अंत में राष्ट्र और समाज के कल्याण की कामना के साथ ‘कल्याण मंत्र’ का पाठ किया गया, जिसके बाद बैठक का विधिवत समापन हुआ।



