दांतवाड़ा की रतन कंवर और रतनपुर के शेराराम ने मारी बाजी; अब जिला स्तर पर दिखाएंगे प्रतिभा
रानीवाड़ा/दांतवाड़ा। कस्बे के निकटवर्ती पीएम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, दांतवाड़ा में शुक्रवार को ब्लॉक स्तरीय ‘प्रबल’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को नई शिक्षा नीति के अनुरूप 21वीं सदी के कौशलों से सशक्त बनाना था, ताकि वे भविष्य के भारत की कुशल पीढ़ी बन सकें।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (CBEO) श्रीमती मंजू प्रतिभा थीं, जबकि इसकी अध्यक्षता संस्था प्रधान आईदानाराम देवासी ने की। रानीवाड़ा ब्लॉक के 24 सीनियर विद्यालयों से कुल 45 प्रतिभावान विद्यार्थियों ने इस महत्त्वपूर्ण कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
जीवन कौशल पर केंद्रित रहा कार्यक्रम:
इस वर्ष ब्लॉक स्तरीय ‘प्रबल’ कार्यक्रम की थीम ‘जीवन कौशल’ पर केंद्रित थी। इसमें चार मुख्य विषय रखे गए, जिनमें समस्या समाधान, नेतृत्व कौशल, डिजिटल साक्षरता और जलवायु परिवर्तन शामिल थे। कार्यक्रम का विशेष जोर विद्यार्थियों में संप्रेषण कौशल के विकास पर रहा।
निर्णायक मंडल ने चुनी प्रतिभाएं:
प्रबल कार्यक्रम प्रभारी अशोक कुमार जाजोदा ने बताया कि निर्णायक मंडल ने अत्यंत बारीकी से विद्यार्थियों की प्रतिभा का आकलन किया। इस 5 सदस्यीय निर्णायक मंडल में CBEO महोदया, स्थानीय पीईईओ सर, करड़ा पीईईओ अर्जुन जी देवासी, तथा स्थानीय विद्यालय के कक्षा 12 के छात्र अरविंद कुमार और कक्षा 11 की छात्रा भूमिका कुमारी शामिल थीं।
ये रहे विजेता:
कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद, इस ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम से दो विद्यार्थियों का चयन जिला स्तर पर भागीदारी के लिए हुआ।
- छात्रा वर्ग में प्रथम स्थान: रतन कंवर (पीएम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, दांतवाड़ा)
- छात्र वर्ग में प्रथम स्थान: शेराराम (राउमावि, रतनपुर)
जिला स्तर पर चयनित विद्यार्थी आगे राज्य विधानसभा में होने वाली मॉक विधानसभा में भाग लेंगे, जो उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की व्यावहारिक समझ प्रदान करेगा और भावी नेतृत्व की नींव तैयार करेगा।
कुशल पीढ़ी तैयार करने का लक्ष्य:
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी श्रीमती मंजू प्रतिभा ने अपने उद्बोधन में कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य नई शिक्षा नीति के लक्ष्यों को प्राप्त करना है, ताकि विद्यार्थियों में आवश्यक कौशलों का विकास हो और देश को एक कुशल पीढ़ी मिल सके। उन्होंने स्थानीय विद्यालय के संस्था प्रधान आईदानाराम देवासी और समस्त कर्मठ टीम की इस सफल आयोजन के लिए भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में इस तरह के कौशलों का विकास करने के लिए सतत् प्रयास करने चाहिए, जिससे सरकारी नीतियों के निर्धारित लक्ष्य तक पहुंचा जा सके।
इस दौरान ब्लॉक रानीवाड़ा के 24 प्रभारी सहित स्थानीय विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम के मंच संचालन की भूमिका बाबूलाल बिश्नोई ने निभाई, वहीं इसका लाइव प्रसारण गुरुकृपा फोटो स्टूडियो, करड़ा द्वारा किया गया।



