सर्कल न्यूज नेटवर्क थराद (बनासकांठा)। सीमावर्ती इलाकों में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत थराद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने वांतड़ाउ भारतमाला रोड पर नाकाबंदी के दौरान एक कार से 120.49 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग्स बरामद कर राजस्थान के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
गुजरात सरकार की नशा मुक्त अभियान और एनडीपीएस के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत पुलिस अंतरराज्यीय बॉर्डर से सटे इलाकों में लगातार वाहनों की गहन जांच कर रही है। इसी कड़ी में वांतड़ाउ भारतमाला मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान पुलिस ने एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार को रुकवाकर तलाशी ली। कार के भीतर से 120.49 ग्राम अवैध मेफेड्रोन ड्रग्स की खेप बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से 3,61,470 रुपये मूल्य की एमडी ड्रग्स, 2 लाख रुपये की कार और 15,000 रुपये कीमत के दो मोबाइल फोन सहित कुल 5,76,470 रुपये का माल जब्त किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान राजस्थान के जोधपुर जिले के धावा गांव निवासी पुनाराम गोपाराम पटेल के रूप में हुई है। थराद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और यह नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था तथा किसे सप्लाई किया जाना था, इस संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है।







पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां