सांकड़ गांव के मंदिर में वारदात, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सुरागों से पुलिस ने कसा शिकंजा; आरोपी 3 दिन के रिमांड पर
सर्कल न्यूज नेटवर्क सांचौर। आस्था के धाम को निशाना बनाकर चोरी की वारदात करने वाले शातिर को सांचौर थाना पुलिस ने चंद घंटों में बेनकाब कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। सांकड़ गांव स्थित प्रसिद्ध गोगाजी मंदिर से चांदी का छत्र चुराने के मामले में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के महज 4 घंटे के भीतर वांछित आरोपी को धर दबोचा।
पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त को प्रार्थी लाखाराम पुत्र भगवानाराम कलबी (निवासी सांकड़) ने थाने में रिपोर्ट पेश की कि अज्ञात चोर सांकड़ स्थित गोगाजी मंदिर से करीब 800 ग्राम वजनी चांदी का छत्र चुरा ले गया है। इस पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच सांकड़ चौकी प्रभारी सुरेंद्रसिंह (सहायक उपनिरीक्षक) के सुपुर्द की।
सीसीटीवी ने खोला राज, घेराबंदी कर पकड़ा जिला पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह इंदौलिया के निर्देशानुसार संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आवड़दान रतनू व वृत्ताधिकारी अरविंद जांगिड़ के सुपरविजन तथा थानाधिकारी नेमाराम के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
जांच अधिकारी सुरेंद्रसिंह मय जाब्ता ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में संदिग्ध की गतिविधियां व हुलिया सामने आने के बाद मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से संदिग्ध को दस्तयाब कर कड़ी पूछताछ की गई। जुर्म स्वीकार करने व साक्ष्य पुख्ता होने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय से 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। मामले में चोरी गए माल की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
गिरफ्तार आरोपी का नाम-पता
- नाम: ललित कुमार पुत्र लक्ष्मणराम
- जाति: भील
- उम्र: 22 वर्ष
- निवासी: सांकड़, पुलिस थाना सांचौर, जिला जालोर
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम थानाधिकारी नेमाराम (नेतृत्व), सांकड़ चौकी प्रभारी सुरेंद्रसिंह (सउनि - विशेष भूमिका), कांस्टेबल मनोहरलाल (कां. 622 - विशेष भूमिका), कांस्टेबल जयंतीलाल (कां. 445 - विशेष भूमिका) एवं महिला कांस्टेबल इंदिरा (मकां. 13) शामिल रहे।









पाठक टिप्पणियां (Comments)
0 टिप्पणियां